8 बार मौत को चकमा दे चुके हैं व्लादिमीर पुतिन, जानिए कैसे हर बार बचे हमले से

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को केवल एक देश का नेता मानना उनकी काबिलियत को कम आंकना होगा। वे वैश्विक राजनीति में ताकत का पर्याय हैं। यूक्रेन युद्ध हो या पश्चिमी देशों से तनातनी, पुतिन हमेशा चर्चा में रहे हैं। लेकिन जो बात सबसे चौंकाने वाली है, वो ये कि अब तक 8 बार उनकी हत्या की कोशिशें हो चुकी हैं—और हर बार वह मौत को मात देकर बच निकले।

1. ताजा मामला: ड्रोन से घिरा पुतिन का हेलिकॉप्टर
हाल ही में पुतिन कुर्स्क क्षेत्र के दौरे पर थे, तभी एक यूक्रेनी ड्रोन ने उनके हेलिकॉप्टर को निशाने पर ले लिया। रूस की सेना ने दावा किया कि एयर डिफेंस ने समय रहते ड्रोन को न्यूट्रलाइज कर दिया और सभी लोग सुरक्षित रहे। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह हत्या की साजिश थी या सिर्फ एक और चेतावनी।

2. जब क्रेमलिन के अंदर घुसे ड्रोन (मई 2023)
2023 में रूस के क्रेमलिन परिसर में दो ड्रोन घुस आए थे। हालांकि, रूसी सुरक्षा बलों ने दोनों को हवा में ही मार गिराया। उस समय रूस विजय दिवस की तैयारियों में जुटा था। इस घटना को पुतिन की हत्या की साजिश बताया गया था।

3. खुद पुतिन का 2017 का खुलासा
2017 में एक इंटरव्यू में पुतिन ने खुद बताया कि उन पर कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने हर बार उन्हें समय रहते बचा लिया। हालांकि, उन्होंने इन मामलों की विस्तृत जानकारी नहीं दी।

4. 2012: चुनाव से पहले बम विस्फोट की साजिश
राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले एक कार बम हमले की योजना बनाई गई थी। रूस और यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। एक संदिग्ध को ओडेसा से गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरे को बाद में पकड़ा गया।

5. 2008: ईरान यात्रा के दौरान आत्मघाती हमलावर
जब पुतिन ईरान के आधिकारिक दौरे पर थे, तब आत्मघाती हमलावरों की मदद से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। रूसी और पश्चिमी एजेंसियों ने समय रहते इस हमले को नाकाम कर दिया। इसके बावजूद पुतिन ने दौरा रद्द नहीं किया।

6. 2002: चेचन विद्रोहियों की स्नाइपर प्लानिंग
चेचन अलगाववादी आतंकियों ने पुतिन पर स्नाइपर हमला करने की योजना बनाई थी, जो एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अंजाम दिया जाना था। लेकिन रूसी एजेंसियों को भनक लग गई और हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

7. राष्ट्रपति बनते ही रॉकेट लॉन्चर से हमला
पुतिन जब राष्ट्रपति बने, तब चेचन युद्ध के दौरान चरमपंथियों ने उनके काफिले पर रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की योजना बनाई। लेकिन इस हमले को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया।

8. 1999: प्रधानमंत्री रहते कार बम प्लांट किया गया
1999 में पुतिन जब प्रधानमंत्री थे, तब उनकी कार के रास्ते में कार बम लगाया गया था। योजना थी कि जैसे ही काफिला गुजरे, बम फटा दिया जाए। लेकिन समय रहते बम डिफ्यूज कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:

गौतम गंभीर मां कामाख्या के दरबार में पहुंचे, इंग्लैंड दौरे से पहले मांगा जीत का आशीर्वाद