विपराज निगम का IPL में तूफानी आगाज – पहले ही मैच में दिखाया दम

हर IPL सीजन नए सितारों के लिए संभावनाओं का दरवाजा खोलता है। कुछ इस मौके को भुनाते हैं, तो कुछ छाप छोड़ने में नाकाम रहते हैं। IPL 2025 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक नया चेहरा चमका – विपराज निगम।

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले ही मैच में इस 20 साल के युवा लेग स्पिन-ऑलराउंडर को मौका दिया और उसने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क और फाफ डुप्लेसी जैसे बड़े नामों के बीच विपराज निगम का नाम देखकर हर कोई हैरान था कि आखिर ये युवा कौन है, जिस पर दिल्ली ने इतना भरोसा जताया?

SMAT में पहले ही दिख चुका था जलवा!
विपराज निगम उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT), रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उन्हें SMAT 2024 में मिली, जब उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था।

SMAT के प्री-क्वार्टर फाइनल में विपराज ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ अपनी टीम को अविश्वसनीय जीत दिलाई थी। जब उत्तर प्रदेश को आखिरी 4 ओवर में 48 रन की जरूरत थी, तब विपराज ने तूफानी अंदाज में सिर्फ 8 गेंदों में 27 रन ठोककर टीम को जीत दिला दी थी। इससे पहले गेंदबाजी में भी उन्होंने 20 रन देकर 2 विकेट लिए थे।

दिल्ली कैपिटल्स ने जताया भरोसा
विपराज के इस प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स की नजर पहले ही उन पर पड़ चुकी थी। मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने इस युवा खिलाड़ी को 50 लाख रुपये में खरीदकर अपने खेमे में शामिल किया। फिर टीम ने IPL 2025 के पहले ही मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका दिया और उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया।

IPL डेब्यू में ही धमाका!
अपने पहले ही ओवर में विपराज निगम ने लखनऊ सुपर जायंट्स के ओपनर एडन मार्करम का विकेट चटका दिया। अगले ही ओवर में निकोलस पूरन का विकेट भी उनके हाथ में था, लेकिन एक आसान कैच छूट गया।

गेंदबाजी के बाद विपराज ने बल्लेबाजी में भी धमाल मचाया। जब दिल्ली की टीम 113 रन पर 6 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी, तब उन्होंने क्रीज पर कदम रखा। सामने थे पिछले सीजन में फिनिशर के रूप में हिट हुए आशुतोष शर्मा।

लखनऊ के गेंदबाजों के सामने विपराज ने आक्रामक रुख अपनाया और सिर्फ 15 गेंदों में 39 रन ठोक दिए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके और आशुतोष के बीच 55 रन की साझेदारी हुई, जिसमें से 39 रन अकेले विपराज ने बनाए। हालांकि, आखिरी ओवर में आशुतोष ने दिल्ली को जीत दिलाई, लेकिन विपराज की पारी ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा और सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

IPL में आगे भी मचाएंगे धमाल!
IPL 2025 की शुरुआत में ही विपराज निगम ने अपनी छाप छोड़ दी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह आगे भी इसी तरह अपने प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स और क्रिकेट फैंस को चौंकाते रहेंगे।

यह भी पढ़ें:

योगी का बड़ा बयान – ‘राम मंदिर के लिए सत्ता भी कुर्बान करने को तैयार था’