उत्तराखंड: आपदा पीड़ितों की मदद के लिए कैंची धाम ट्रस्ट ने दिए 2.5 करोड़ रुपये

उत्तराखंड में आपदा पीड़ितों की मदद के लिए कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट ने एक बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में ढाई करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रस्ट के इस योगदान को मानवता की बड़ी सेवा बताया है।

गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट ने उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 2.5 करोड़ रुपये की मदद दी। यह चेक ट्रस्ट की ओर से नैनीताल की मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को सौंपा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ट्रस्ट की भूमिका सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कैंची बाईपास के निर्माण को जल्द गति दी जाएगी। इसके लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कैंची धाम और भवाली के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द ही राहत मिलेगी, और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश बिंद्रा ने कहा कि हमारा ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन में लगातार योगदान करता रहा है। इस वर्ष 3000 बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति की संख्या को बढ़ाकर 5000 कर दिया गया है। ट्रस्ट ने हाल ही में 15 जून को आयोजित कैंची धाम स्थापना दिवस को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।