गोपाल खेमका हत्याकांड में दो शूटर पकड़े गए, मुख्य आरोपी फरार

बिहार के नामचीन उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस केस में दो शूटरों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ के बाद कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। वहीं, मुख्य आरोपी विजय नाम का शूटर, जिसने कथित तौर पर खेमका के सिर में गोली मारी थी, फरार है। पुलिस के अनुसार, उस पर पहले से हत्या के तीन केस दर्ज हैं।

पटना सिटी से हायर किए गए थे शूटर
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि खेमका की हत्या के लिए शूटर पटना सिटी से हायर किए गए थे। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में पटना समेत कई जिलों में छापेमारी कर रही है। विजय से जुड़े कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनकी निशानदेही पर दो और अपराधियों को पकड़ा गया है।

अंतिम संस्कार में पहुंचा संदिग्ध, पुलिस की हिरासत में
गोपाल खेमका के अंतिम संस्कार के दौरान भी पुलिस को एक संदिग्ध हाथ लगा, जो गुलबी घाट पर पुष्प गुच्छ लेकर पहुंचा था। सूत्रों के मुताबिक, वह भी हत्या की साजिश में शामिल हो सकता है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि वह इस केस में जल्द बड़ा खुलासा करेगी।

डीजीपी का दावा: बहुत जल्द होगा केस का खुलासा
बिहार पुलिस के डीजीपी विनय कुमार ने कहा है कि इस हत्याकांड की जांच पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम तेजी से कर रही है। उन्होंने कहा:

“मैंने खुद अनुसंधान की स्थिति की समीक्षा की है। कई अहम प्रगति हुई है, जिन्हें अभी साझा नहीं किया जा सकता। लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि जल्द ही पूरे कांड का पर्दाफाश होगा।”

सुरक्षा हटाना भी जांच के दायरे में
डीजीपी ने यह भी बताया कि 2018 में गुंजन खेमका की हत्या के बाद गोपाल खेमका को पुलिस सुरक्षा दी गई थी। लेकिन अप्रैल 2024 में यह सुरक्षा हटा ली गई, जिसकी भी जांच की जा रही है कि ऐसा क्यों और किस आधार पर किया गया।

यह भी पढ़ें:

वॉशिंग मशीन की जान ले रहीं ये 5 गलतियां – कही आप भी तो नहीं कर रहे