ट्रंप का नया फैसला: भारत-चीन की तेल आपूर्ति पर बड़ा असर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ को लेकर अपने सख्त रुख पर कायम हैं। अब उन्होंने जो नया ऐलान किया है, उससे भारत और चीन को बड़ा झटका लगने वाला है। ट्रंप ने घोषणा की है कि वेनेजुएला से तेल खरीदने वाले देशों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा, जो 2 अप्रैल से लागू होगा।

भारत के लिए क्यों है बड़ा झटका?
भारत वेनेजुएला से तेल खरीदने वाले प्रमुख देशों में शामिल है। 2023 में भारत ने वेनेजुएला से 22 मिलियन बैरल कच्चे तेल का आयात किया था, जो उसकी कुल तेल खरीद का 1.5% था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में वेनेजुएला ने रोजाना 660,000 बैरल तेल भारत, चीन और स्पेन जैसे देशों को निर्यात किया।

कौन-कौन से देश होंगे प्रभावित?
ट्रंप के इस फैसले से सिर्फ भारत ही नहीं, चीन, स्पेन, रूस, सिंगापुर और वियतनाम जैसे कई देश प्रभावित होंगे। इससे वैश्विक तेल व्यापार में नई अनिश्चितता पैदा हो सकती है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर ऐलान करते हुए कहा कि 2 अप्रैल से वेनेजुएला के तेल पर 25% का नया टैरिफ लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वेनेजुएला जानबूझकर और धोखे से हजारों अपराधियों को अमेरिका भेज रहा है।

वेनेजुएला-अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव!
ट्रंप की यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब पिछले महीने अमेरिका और वेनेजुएला के बीच निर्वासन पाइपलाइन को निलंबित कर दिया गया था। इसके जवाब में वेनेजुएला ने कहा कि वह अब अमेरिका से आने वाली फ्लाइट्स को स्वीकार नहीं करेगा।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
विशेषज्ञों का कहना है कि वेनेजुएला अमेरिका और स्पेन को भी बड़ी मात्रा में तेल निर्यात करता है। फरवरी में वेनेजुएला ने चीन को रोजाना लगभग 500,000 बैरल तेल और अमेरिका को 240,000 बैरल तेल की आपूर्ति की थी।

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि यह नया टैरिफ मौजूदा दरों के ऊपर लागू होगा। इसके साथ ही उन्होंने 2 अप्रैल को अमेरिका के लिए ‘लिबरेशन डे’ (स्वतंत्रता दिवस) घोषित किया है।

यह भी पढ़ें:

केजरीवाल के बाद अब भगवंत मान सरकार भी खतरे में? अनिल विज का बड़ा दावा