पति के IPL में सट्टा खेलने से परेशान होकर पत्नी ने किया सुसाइड, जानिए पूरा मामला

कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक महिला ने अपने पति के IPL में सट्टा खेलने से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने बताया कि इंजीनियर दर्शन बाबू की पत्नी रंजीता का शव बीते दिनों उनके घर पर छत से लटका मिला। रंजीता ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने उधार देने वाले लोगों की धमकियों के बारे में विस्तार से बताया है। पुलिस ने इस नोट की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

एक न्यूज़ वेबसाइट के मुताबिक रंजीता के पति दर्शन ने IPL में सट्टा लगाने के लिए 13 लोगों से 1.5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। वे लोग पैसा मांगने के लिए उनके घर आकर धमकी देते थे। इससे परेशान होकर रंजीता ने सुसाइड किया।

वहीं, रंजीता के पिता वेंकटेश ने बताया कि मेरी बेटी की दर्शन बाबू से 2020 में शादी हुई थी। दर्शन होसादुर्गा में लघु सिंचाई विभाग में इंजीनियर है। रंजीता को उसके IPL में सट्टा लगाने की लत का 2021 में पता चला था। दर्शन ने 2021 से 2023 तक IPL में सट्टा लगाया। उसने 1.5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था और पूरी रकम सट्टे में लगा दी। सट्टे में 1.5 करोड़ रुपए हारने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई।

हालांकि, दर्शन ने किसी तरह 1 करोड़ रुपए चुका दिए थे, लेकिन उसे 84 लाख रुपए अभी और देने थे। रंजीता के पिता ने बताया कि 84 लाख रुपए चुकाने के लिए रंजीता और दर्शन के पास धमकी भरे फोन आते थे। कई बार तो पैसे मांगने वाले उनके घर तक आ जाते थे। इससे नाराज होकर ही रंजीता ने आत्महत्या का कदम उठाया।

रंजीता के पिता ने ये भी कहा कि दर्शन को सट्टेबाजी में उतारने के पीछे भी वही लोग हैं, जिन्होंने उसे करोड़ों की रकम उधार दी थी। उन लोगों ने दर्शन से कहा था कि यह अमीर बनने का आसान तरीका है। सिक्योरिटी के लिए उन्होंने दर्शन से ब्लैंक चैक भी लिए थे।

– एजेंसी