शिक्षा-जगत के प्रेरणास्रोत: स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय की तीसरी पुण्यतिथि पर नमन

बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अनेक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने संदेश में कहा कि स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय एक शिक्षाविद, कुशल राजनेता और समाजसेवी थे। शिक्षक नेता के रूप में उनकी पहचान पूरे देश में थी। उन्होंने अपने पूरे जीवन को शिक्षा और शिक्षकों के हितों की उन्नति के लिए समर्पित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि स्व. पांडेय बिहार में शिक्षा सुधार और शिक्षक हितों के लिए संघर्षरत रहे। वे बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष के रूप में निरंतर शिक्षा जगत के उत्थान के लिए कार्यरत रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका योगदान बिहार के शिक्षा-जगत के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि स्व. पांडेय के साथ उनका व्यक्तिगत संबंध रहा है और वे सदैव शिक्षकों और समाज के हित में सक्रिय रहे। उन्होंने अपने सादगीपूर्ण जीवन, व्यवहार और प्रतिबद्धता से सबका सम्मान अर्जित किया।

स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय के पुत्र आनंद पुष्कर ने भी अपने पिता को स्मरण करते हुए कहा कि वे जीवनभर शिक्षा और शिक्षकों की बेहतरी के लिए समर्पित रहे। उन्होंने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

प्रसेनजित मिशन बुद्धिस्ट सोसाइटी, सिवान के सचिव उज्जवल अनुराग ने बिहार विधान परिषद् के पूर्व सदस्य स्व० केदारनाथ पांडेय जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन शिक्षक और शिक्षा जगत के प्रति पूर्णतः समर्पित था। उन्होंने बिहार में शिक्षकों के हित में काफी काम किया था। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।

पुण्यतिथि के अवसर पर कई सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को नमन किया।