कल दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली, और भारत भी इससे अछूता नहीं रहा। दुनिया के टॉप 20 अमीरों में से 17 की संपत्ति में गिरावट आई। लेकिन खास बात ये रही कि गौतम अडानी, अमेरिका के लैरी एलिसन और एनवीडिया के फाउंडर जेंसन हुआंग की संपत्ति में तेजी देखने को मिली।
अडानी ग्रुप के अधिकांश शेयरों में सोमवार को उछाल देखा गया, जिससे गौतम अडानी की नेटवर्थ में 3.48 अरब डॉलर की वृद्धि हुई। इसके साथ ही अडानी की कुल संपत्ति 80.1 अरब डॉलर हो गई और वे दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में एक स्थान चढ़कर 18वें नंबर पर आ गए।
अडानी टोटल गैस में सोमवार को 11.20% की तेजी आई, जबकि अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 7.65% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा, अडानी पावर में 6.46%, अडानी ग्रीन एनर्जी में 2.31% और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में 2.46% की तेजी दर्ज की गई।
इस उछाल से अडानी, एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के और करीब पहुंच गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 64.7 करोड़ डॉलर की गिरावट आई, और वे 90.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीरों की सूची में 17वें स्थान पर हैं। इस साल उनकी संपत्ति में 5.73 अरब डॉलर की कमी आई है।
वहीं, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में 9.83 अरब डॉलर की गिरावट आई और उनकी कुल संपत्ति अब 442 अरब डॉलर रह गई है। ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस 241 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check