पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। सिंधु जल समझौता रद्द करने के बाद से पाकिस्तान के मंत्री भारत को लगातार परमाणु हमले की धमकी दे रहे हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने हाल ही में अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर भारत ने पानी रोका तो पाकिस्तान के पास भी विकल्प है। पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश है और हमें अपनी रक्षा का अधिकार है। आइए जानते हैं कि अताउल्लाह तरार कौन हैं, जिन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी।
कौन है अताउल्लाह तरार?
अताउल्लाह तरार पाकिस्तान की शहबाज शरीफ की सरकार में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री हैं। तरार के दादा मुहम्मद रफीक पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश और पीएमएल-एन के नेता रहे हैं। वे 1998 से 2001 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति भी रहे थे। तरार पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हमजा शाहबाज की सरकार में गृहमंत्री भी रह चुके हैं। 28 जुलाई 2022 को उन्हें प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का सलाहकार नियुक्त किया गया। अताउल्लाह तरार का विवादों से पुराना नाता है। दिसंबर 2021 में उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ था, जब उन्होंने हथियारबंद लोगों के साथ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार के घर पर हमला किया था।
कई नेता दे चुके परमाणु हमले की धमकी
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री भी भारत को परमाणु हमले की धमकी दे चुके हैं। इसके अलावा रूस में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है या सिंधु नदी का पानी रोकता है तो पाकिस्तान न केवल पारंपरिक बल्कि परमाणु हथियार से भी जवाब देगा।
भारत ने कौनसे सख्त फैसले लिए?
भारत ने पहलगाम हमले के बाद कई कड़े फैसले लिए हैं। भारत ने सिंधु जल संधि स्थगित कर दी है और पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद कर दिया है। इसके अलावा पाकिस्तान के नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान के पत्रकारों, राजनेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी बैन कर दिया है, साथ ही कई यूट्यूब चैनल्स पर भी बैन लगाया है जो सरकार और सेना के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैला रहे थे।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check