बिहार विधानसभा चुनाव की हलचल तेज, चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर की तारीफ कर विपक्ष पर साधा निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव की आहट जैसे-जैसे करीब आ रही है, राज्य की सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंचती जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि चुनाव की तारीख अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में तय की जा सकती है, और 10 से 12 नवंबर के बीच परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग जल्द ही तारीखों की आधिकारिक घोषणा करेगा।

इसी बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में नई ऊर्जा भर दी है। उन्होंने एक ओर जहां जनता को विकल्पों की आज़ादी की याद दिलाई, वहीं दूसरी ओर उन्होंने प्रशांत किशोर और उनकी जनसुराज पार्टी की सराहना की, और विपक्ष को मतदाता सूची जांच (SIR) के मुद्दे पर घेरा।

प्रशांत किशोर को बताया “जातिवाद से ऊपर सोचने वाला नेता”
चिराग पासवान ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की ईमानदारी और नीयत की तारीफ करते हुए कहा कि, “वह जात-पात और संप्रदाय की राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के विकास की बात करते हैं, जो सराहनीय है।” चिराग ने ऐसे सभी लोगों का स्वागत किया जो बिहार को एक नई दिशा देने का सपना लेकर राजनीति में आते हैं।

बिहार की जनता के पास हैं कई विकल्प
पासवान ने जनता से कहा कि लोकतंत्र की सुंदरता यही है कि आपके पास चुनाव करने के लिए कई विकल्प होते हैं। उन्होंने कहा,
“अगर आपको ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ की सोच पसंद है तो आप मेरा साथ दीजिए। अगर आपको तेजस्वी यादव की जातीय और सांप्रदायिक सोच प्रभावित करती है तो आप उनका चुनाव कर सकते हैं। लेकिन अगर आप महिलाओं और युवाओं के विकास की सोच यानी मेरी ‘MY’ विचारधारा से सहमत हैं, तो मेरे साथ आइए।”

उन्होंने साफ किया कि उनकी MY विचारधारा का अर्थ “महिला और युवा” है, न कि RJD वाले MY समीकरण (मुस्लिम-यादव) से।

SIR पर विपक्ष को घेरा
चिराग पासवान ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, “विपक्ष ने ही लोकसभा चुनाव के बाद आयोग से शिकायत की थी, अब जब आयोग गड़बड़ी रोकने के लिए काम कर रहा है, तब भी उन्हें दिक्कत हो रही है।” उन्होंने कहा कि आयोग का मकसद है कि केवल योग्य मतदाता ही वोटिंग में हिस्सा लें, जिससे निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सकें।

यह भी पढ़ें:

कतर एयरवेज पर लगे गंभीर आरोप, ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने दी ट्रायल की अनुमति