राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 से 10 अगस्त तक फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा करेंगी। यह भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की फिजी की पहली यात्रा होगी।
राष्ट्रपति की तीन देशों की यात्रा से पहले शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार ने विशेष ब्रीफिंग में कहा कि भारत के फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते के साथ मजबूत, गहरे और ऐतिहासिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में भारत-न्यूजीलैंड के बीच मधुर एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों में वृद्धि देखी गई, जिसे राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा से और गति मिलेगी।
मजूमदार ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम मैवलिली काटोनीवरे के निमंत्रण पर 5-6 अगस्त को फिजी का दौरा करेंगी। यह भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की फिजी की पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति मुर्मू वहां राष्ट्रपति काटोनीवरे और प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का फिजी की संसद को संबोधित करने और फिजी में भारतीय प्रवासियों से बातचीत करने का कार्यक्रम है। यह यात्रा फिजी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि अपनी यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू न्यूजीलैंड की गवर्नर डेम सिंडी कीरो के निमंत्रण पर 7-9 अगस्त को न्यूजीलैंड का दौरा करेंगी। राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू गवर्नर जनरल कीरो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मिलेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू एक शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों से बातचीत करेंगी। यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा देगी।
मजूमदार ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू 10 अगस्त को राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के निमंत्रण पर तिमोर-लेस्ते का दौरा करेंगी। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी। तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री के राला ज़ानाना गुस्माओ राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। यह तिमोर-लेस्ते में भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की पहली यात्रा होगी।
यह भी पढ़े :-
गौतम गंभीर के लिए अपने खिलाड़ियों को समझना मुख्य चुनौती : रवि शास्त्री
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check