भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, और इस खास मौके पर भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2025 के सुपर-6 में बांग्लादेश को हराकर क्रिकेट फैंस को जीत का शानदार तोहफा दिया है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है, और वे लगातार आसान जीत हासिल कर रही हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी टीम इंडिया का दबदबा साफ देखने को मिला।
गणतंत्र दिवस पर टीम इंडिया की एकतरफा जीत
यह मैच कुआलालंपुर के बायुएमास ओवल में खेला गया, जहां भारत ने 8 विकेट से जीत हासिल की। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 64 रन ही बना पाई। बांग्लादेश की कप्तान सुमैया अख्तर ने सबसे ज्यादा 21 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सका।
भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके और बेहतरीन गेंदबाजी की। इसके अलावा शबनम शकील, जोशीता वीजे, और गोंगाडी त्रिशा ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
भारत ने आसानी से चेज किया टारगेट
भारत ने 64 रन का आसान सा टारगेट केवल 8.4 ओवर में 2 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। गोंगाडी त्रिशा ने 31 गेंदों पर 40 रन की मैच-विनिंग पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल थे। सानिका चालके ने 11 रन और निकी प्रसाद ने 5 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज, मलेशिया, और श्रीलंका जैसी टीमों को हराया था, और अब वह एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप जीतने की बड़ी दावेदार मानी जा रही है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 28 जनवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें:
क्या आपको भी दिख रहे हैं डायबिटीज के लक्षण? जानिए पहले 5 संकेत
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check