श्रीलक्ष्मी बनीं असम राइफल्स की पहली महिला डॉग हैंडलर, रचा नया इतिहास

असम राइफल्स की वीरता भरी परंपरा में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। राइफलवुमन श्रीलक्ष्मी पीवी ने असम राइफल्स की पहली महिला डॉग हैंडलर बनने का गौरव प्राप्त किया है। रविवार को असम राइफल्स ने उनके प्रशिक्षण की सफलता की घोषणा करते हुए यह जानकारी साझा की।

श्रीलक्ष्मी ने साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए यह मुकाम हासिल किया। अब तक केवल पुरुष जवान ही इस जिम्मेदारी को निभाते थे, लेकिन श्रीलक्ष्मी ने चुनौतियों को पार कर इस कठिन जिम्मेदारी को संभालने का गौरव प्राप्त किया है।

असम राइफल्स ने बयान जारी करते हुए कहा कि श्रीलक्ष्मी ने साबित कर दिया कि साहस और प्रतिभा का कोई जेंडर नहीं होता। उनके इस कदम से न केवल सेना में महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा, बल्कि भविष्य में और भी महिलाएं इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।

राइफलवुमन श्रीलक्ष्मी का यह ऐतिहासिक कदम भारतीय सेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और समानता की दिशा में एक मजबूत संदेश है। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन जाएगा।