सोनू निगम के बयान से मचा बवाल, कन्नड़ इंडस्ट्री ने दिखाई सख्ती

सिंगर सोनू निगम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं, लेकिन इस बार वजह उनका गाना नहीं बल्कि मंच से दिया गया बयान बन गया है। कर्नाटक के बेंगलुरु में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान सोनू के शब्दों ने विवाद को जन्म दे दिया है, जिसके चलते कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री अब उनसे दूरी बनाने पर विचार कर रही है।

क्या हुआ था बेंगलुरु कॉन्सर्ट में?
25 अप्रैल को बेंगलुरु के एक कॉलेज में हुए शो के दौरान जब कुछ दर्शकों ने लगातार सोनू निगम से कन्नड़ में गाने की मांग की, तो सोनू ने मंच से नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘यही वजह है जो पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं।’’ इस बयान ने सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलते हुए विवाद का रूप ले लिया।

FIR और आलोचना का सामना
सोनू निगम के इस बयान को कन्नड़ भाषा और समुदाय का अपमान माना गया। बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर सोनू ने इंस्टाग्राम के जरिए सफाई देते हुए कहा कि उन्हें मंच पर कुछ लड़कों ने धमकाया था और उन्होंने गुस्से में आकर यह बयान दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनका इरादा पूरी कन्नड़ समुदाय को ठेस पहुंचाना नहीं था।

कन्नड़ इंडस्ट्री में नाराजगी का माहौल
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री सोनू निगम के इस बयान से खासा नाराज है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स इस मामले में गंभीरता से विचार कर रहा है। सोमवार को बेंगलुरु में एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें यह तय किया जा सकता है कि सोनू निगम को भविष्य में कन्नड़ फिल्मों से दूर रखा जाएगा या नहीं।

क्या होगा सोनू निगम का अगला कदम?
सोनू निगम ने कन्नड़ फिल्मों में कई हिट गाने दिए हैं और दक्षिण भारत में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। लेकिन अगर इंडस्ट्री ने उन्हें बायकॉट करने का फैसला लिया, तो यह उनके करियर के लिए बड़ा झटका हो सकता है। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि इस विवाद का अगला मोड़ क्या होगा।

यह भी पढ़ें:

नाखून भी देते हैं कैंसर का इशारा, जानें अहम लक्षण