सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल अपने शादी के एलान के बाद से ही सुर्खियों में बने हुए हैं। पहले इस जोड़े को अंतरधार्मिक विवाह के लिए जबरदस्त ट्रोल किया गया। हालांकि, ट्रोल्स को किनारे रखकर सोनाक्षी और जहीर ने 23 जून को बांद्रा के एक सिविल कोर्ट समारोह में अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली। इसके बाद एक भव्य शादी का रिसेप्शन आयोजित किया गया जिसमें कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। वहीं, बीते दिन सोनाक्षी और जहीर को मुंबई के एक अस्पताल का दौरा करते देखा गया, जिसके बाद अभिनेत्री के प्रेग्नेंट होने की अफवाहें उड़ने लगीं। इन अफवाहों पर अब खुद सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है, साथ ही बयान से नेटिजन्स को सबक सिखाती नजर आई हैं।
जहीर के साथ अपनी अंतरधार्मिक शादी को लेकर सोनाक्षी को भारी ट्रोल्स का सामना करना पड़ रहा है। इस जोड़े ने नागरिक विवाह का विकल्प चुना जो 23 जून को हुआ। उनकी शादी के कुछ दिनों बाद, इस जोड़े के बारे में अफवाहें इंटरनेट पर फैल गईं कि वे अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं। सोनाक्षी अपनी आगामी हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘काकुड़ा’ की रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में सोनाक्षी ने जहीर इकबाल से शादी के बाद की जिंदगी के बारे में बात की।
सोनाक्षी सिन्हा से जहीर इकबाल के साथ शादी के बाद की जिंदगी के बारे में सवाल किया गया। जिस पर उन्होंने जूम को जवाब दिया, ‘इस रिश्ते की खूबसूरती यह है कि मैं काफी हद तक पहले जैसा ही महसूस कर रही हूं। मुझे खुशी है कि शादी से पहले मेरा जीवन काफी निर्धारित था, और मैं इसमें ही वापस आ गई हूं। मैं काम पर वापस आकर खुश हूं।’
सोनाक्षी सिन्हा ने इंटरनेट पर सामने आई अपनी प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘एकमात्र बदलाव यह है कि अब हम अस्पताल नहीं जा सकते, क्योंकि जैसे ही आप निकलो लोगो को लगता है कि आप गर्भवती हो। यही एकमात्र अंतर है।’
काम के मोर्चे पर, सोनाक्षी फिल्म और ओटीटी क्षेत्र में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। उन्हें आखिरी बार संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजारट में देखा गया था। आने वाले दिनों में वह आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘काकुड़ा’ में नजर आएंगी। फिल्म में रितेश देशमुख और साकिब सलीम भी मुख्य भूमिका में हैं। मूवी 12 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर दस्तक देगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check