भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 24 मई को टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान की घोषणा कर दी है। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है। गिल अब भारत के 37वें टेस्ट कप्तान बन गए हैं।
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद गिल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जून 2025 में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज़ खेलनी है, जिसमें गिल टीम की अगुआई करेंगे। वहीं ऋषभ पंत को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
क्यों चुना गया गिल को कप्तान?
बीसीसीआई की चयन समिति के सदस्य अजीत अगरकर और शिवसुंदर दास ने स्क्वाड की घोषणा करते हुए गिल को कप्तान बनाए जाने की वजह बताई। अगरकर ने कहा:
“हमने कई नामों पर विचार किया और टीम के खिलाड़ियों से भी फीडबैक लिया। गिल में हमें भविष्य का मजबूत लीडर नजर आया। हम चाहते थे कि कोई ऐसा कप्तान हो जो सिर्फ एक-दो सीरीज़ के लिए न हो, बल्कि लंबे समय तक टीम को दिशा दे सके। वह युवा हैं, सीखने की भूख है और हमने उनके भीतर कप्तानी की क्षमता देखी है।”
भारत के चौथे सबसे युवा टेस्ट कप्तान
गिल अब 25 साल और 258 दिन की उम्र में भारत के टेस्ट इतिहास के चौथे सबसे युवा कप्तान बन गए हैं:
सचिन तेंदुलकर – 23 साल 169 दिन
कपिल देव – 24 साल 48 दिन
रवि शास्त्री – 25 साल 229 दिन
शुभमन गिल – 25 साल 258 दिन
कप्तानी का अनुभव
हालांकि शुभमन गिल के पास टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव नहीं है, लेकिन वह 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज़ में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। इसके अलावा, वह वनडे और टी20 फॉर्मेट में उपकप्तान रह चुके हैं और आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स को प्लेऑफ तक ले जा चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट में गिल का प्रदर्शन
गिल अब तक 32 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 1893 रन बनाए हैं। उनका औसत 35 का है। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं। हालांकि SENA देशों और वेस्टइंडीज में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है—13 मैचों में केवल 559 रन और औसत महज 25 का रहा।
गिल की सबसे यादगार टेस्ट पारी 2021 के ब्रिस्बेन टेस्ट में आई थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 91 रन बनाकर भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check