होली का त्योहार पूरे भारत में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस मौके पर कई क्रिकेटर्स अपने फैंस को शुभकामनाएं देते हैं। लेकिन यही काम एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के लिए भारी पड़ गया। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी ने 2023 में होली पर एक पोस्ट किया था, जिस पर जमकर विवाद हुआ। कट्टरपंथी फैंस ने उन्हें आड़े हाथों लिया और यहां तक कि पाकिस्तानी टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने भी उनके पोस्ट पर आपत्ति जताई। लेकिन दहानी ने किसी के दबाव में आकर अपना पोस्ट डिलीट नहीं किया।
होली की शुभकामनाओं पर क्यों हुआ बवाल?
शाहनवाज दहानी ने 2023 में सोशल मीडिया पर लिखा था –
“दुनिया भर के सभी प्यारे लोगों को, जो प्यार, शांति, खुशी, रंगों और उत्सवों में विश्वास करते हैं, मेरी ओर से आपको होली की हार्दिक शुभकामनाएं।”
उनकी इस पोस्ट पर पाकिस्तानी कट्टरपंथी फैंस भड़क गए। कई लोगों ने इसे इस्लाम के खिलाफ बताया। एक यूजर ने लिखा – “किसी मुसलमान को गैर-मुसलमानों के धार्मिक त्योहार की शुभकामनाएं नहीं देनी चाहिए।” वहीं, एक और फैन ने कहा – “ये इस्लाम में हराम है और हराम की मुबारकबाद देना गुनाह है।”
बात सिर्फ फैंस तक ही नहीं रुकी। पाकिस्तान टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों को भी दहानी का पोस्ट पसंद नहीं आया और उन्होंने उनसे इसे डिलीट करने के लिए कहा। यह खुलासा एक पाकिस्तानी पॉडकास्ट इंटरव्यू में हुआ। हालांकि, दहानी अपने स्टैंड पर कायम रहे और पोस्ट डिलीट नहीं किया।
शाहनवाज दहानी को टीम से क्यों किया गया बाहर?
26 साल के शाहनवाज दहानी पिछले तीन साल से पाकिस्तानी टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इससे पहले उन्होंने अगस्त 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ वनडे मैच खेला था, लेकिन वहां भी वो विकेट लेने में नाकाम रहे।
हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।
फर्स्ट क्लास: 23 मैच, 76 विकेट
लिस्ट ए: 47 मैच, 82 विकेट
टी20: 58 मैच, 75 विकेट
इतने बेहतरीन आंकड़ों के बावजूद उन्हें पाकिस्तान टीम में जगह नहीं मिली। क्या इसकी वजह सिर्फ प्रदर्शन है या फिर विवादित घटनाएं भी उनकी वापसी में बाधा बनी हैं? ये सवाल अब क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check