बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली गिरफ्तारी कर ली है। छत्तीसगढ़ से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में सफर कर रहा है। लोकल पुलिस और आरपीएफ की मदद से उसे ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया।
शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस मुंबई से कोलकाता के बीच चलती है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध का मोबाइल नंबर छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ जिला, राजनांदगांव निवासी राजेंद्र कोड़ेपे के नाम पर पंजीकृत था। मुंबई पुलिस और आरपीएफ के इंस्पेक्टर संजीव सिन्हा ने इस मामले में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
अब तक इस मामले में कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगे थे। लेकिन लगातार जांच-पड़ताल के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली। संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ट्रेन के जनरल डिब्बे से हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान आकाश कैलाश कनोजिया के रूप में हुई है। उसने अपना पता मुंबई के कोलबा स्थित दीपा नगर का बताया है। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
रात में घर में घुसा था हमलावर
घटना 15-16 जनवरी की रात हुई, जब एक व्यक्ति चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में घुस गया। घटना तड़के करीब 2 बजे की है, जब हमलावर अभिनेता के छोटे बेटे जहांगीर (जेह) के कमरे तक पहुंच गया। आरोपी जेह की ओर बढ़ रहा था, लेकिन तभी सैफ ने बीच में आकर उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान हमलावर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।
इस हमले में सैफ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी रीढ़ की हड्डी में लगभग डेढ़ इंच लंबा चाकू फंस गया, जिसे निकालने के लिए लंबी सर्जरी करनी पड़ी। घटना के दौरान, उनके बेटे जेह की नैनी को भी चोटें आईं। फिलहाल, सैफ की हालत स्थिर है।
हमलावर की पहचान और तस्वीरें जारी
मुंबई पुलिस ने इस मामले में दो नई तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में आरोपी के पीठ पर काले रंग का बैग नजर आ रहा है, जिस पर फास्ट ट्रैक लिखा हुआ है। यह बैग लोकल सड़क बाजार से खरीदा गया था। जांच में यह भी पता चला है कि हमला करने के बाद आरोपी बांद्रा रेलवे स्टेशन गया और वहां से दादर पहुंचा।
मुंबई पुलिस अब आरोपी आकाश से पूछताछ करने के लिए छत्तीसगढ़ रवाना हो चुकी है। पुलिस इस मामले की तह तक जाने के लिए हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:
BMI के साथ पेट की चर्बी भी अब मोटापे का बड़ा कारक: विशेषज्ञों की राय
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check