भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे साई सुदर्शन ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ 61 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेली और इस दौरान कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किए। ये पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत के टेस्ट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ गई, खासकर नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी को लेकर।
89 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
साई सुदर्शन ने मैनचेस्टर टेस्ट में 151 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 61 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने साल 1936 में कोटार रामास्वामी द्वारा बनाए गए 60 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। रामास्वामी ने मैनचेस्टर में ही नंबर-3 पर खेलते हुए ये पारी खेली थी। अब सुदर्शन इस मैदान पर नंबर-3 पर खेलने वाले तीसरे सबसे बड़े स्कोरर बन गए हैं।
इस सूची में अब्बास अली बेग शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 1959 में 112 रन बनाए थे, जबकि संजय मांजरेकर ने 1990 में 93 रनों की शानदार पारी खेली थी।
23 साल बाद दोहराया सौरव गांगुली जैसा कारनामा
साई सुदर्शन ने 23 साल बाद विदेशी धरती पर नंबर-3 पर खेलते हुए किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज़ द्वारा 100 से ज्यादा गेंद खेलने का कारनामा दोहराया है। सौरव गांगुली ने 2002 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 284 गेंदों में 136 रन बनाए थे। उसके बाद पहली बार किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने विदेशी ज़मीन पर इस पोजीशन पर इतना लंबा टिकाव दिखाया।
घर से बाहर सबसे लंबी पारी
साई सुदर्शन ने घर के बाहर टेस्ट में नंबर-3 पर 2023 के बाद से सबसे ज्यादा गेंद (151) खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज़ का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिर्फ 75 गेंदों का था।
इसके साथ ही, 1296 दिन बाद नंबर-3 पर किसी भारतीय बल्लेबाज़ ने विदेशी धरती पर 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। साथ ही, यह पिछली 28 पारियों में पहली बार है जब किसी भारतीय नंबर-3 बल्लेबाज़ ने अर्धशतक जड़ा है।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज़ और कोच संजय बांगर ने कमेंट्री में कहा, “साई सुदर्शन ने चेतेश्वर पुजारा की विरासत को आगे बढ़ाने की ओर एक बड़ा कदम उठाया है।”
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check