यूक्रेन पर रूस के हमले और तेज हो गए हैं। सोमवार को यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बीती रात यूक्रेन के आबादी वाले इलाकों पर 100 से ज्यादा ड्रोन से हमला किया, जिससे कई शहरों में तबाही मच गई। वहीं, इस हमले की पृष्ठभूमि में रूस ने अपने परिवहन मंत्री को भी पद से हटा दिया है। माना जा रहा है कि यह फैसला रूस के अंदर यूक्रेन के ड्रोन हमलों के कारण हवाई उड़ानों में हुई बड़ी गड़बड़ी के चलते लिया गया।
24 घंटे में 10 की मौत, 38 घायल
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में रूसी हमलों में 10 नागरिकों की मौत हुई और 38 लोग घायल हुए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। युद्ध के तीन साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद अब रूस ने नागरिक इलाकों पर हवाई हमले और ज्यादा बढ़ा दिए हैं।
जेलेंस्की का दावा: एक हफ्ते में 1,270 ड्रोन और 1,000 ग्लाइड बम दागे
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 1,270 ड्रोन, 39 मिसाइलें और लगभग 1,000 ग्लाइड बम दागे हैं। साथ ही रूस की सेना अग्रिम मोर्चों पर घुसपैठ की कोशिश भी कर रही है।
शांति वार्ता ठप, मदद की गुहार
रूस के लगातार हमलों के बीच यूक्रेन ने फिर से अमेरिका और यूरोपीय देशों से अधिक सैन्य सहायता की मांग की है। जेलेंस्की ने शनिवार को जानकारी दी कि यूक्रेन ने यूरोपीय देशों और अमेरिकी डिफेंस कंपनी के साथ मिलकर ड्रोन निर्माण के लिए समझौते किए हैं, जिससे इस साल लाखों ड्रोन मिलने की उम्मीद है।
अब खुद बना रहा है इंटरसेप्टर ड्रोन
जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर कहा, “हवाई रक्षा ही जीवन की रक्षा है”। उन्होंने बताया कि यूक्रेन अब खुद ऐसे इंटरसेप्टर ड्रोन तैयार कर रहा है, जो रूस के लंबी दूरी वाले शाहेद ड्रोन को मार गिरा सकते हैं।
कई शहरों में मची तबाही
ओडेसा: एक व्यक्ति की मौत
खारकीव: 27 लोग घायल
कीव: दो इलाकों में ड्रोन के मलबे से नुकसान
सूमी क्षेत्र: दो की मौत, दो घायल
डोनेत्स्क: सात की मौत, नौ घायल
डोनेत्स्क के गवर्नर वादिम फिलाशकिन ने बताया कि सात लोगों की मौत हुई, लेकिन हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी नहीं दी गई।
रूस ने भी गिराए 91 यूक्रेनी ड्रोन
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उन्होंने बीती रात 13 रूसी क्षेत्रों, काला सागर और क्रीमिया में कुल 91 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
परिवहन मंत्री की छुट्टी
इसी बीच, क्रेमलिन ने एक आदेश जारी कर बताया कि परिवहन मंत्री रोमन स्तारोवोयत को पद से हटा दिया गया है, हालांकि हटाने की वजह सार्वजनिक नहीं की गई।
यह भी पढ़ें:
क्या AI फीचर खत्म कर देगा वेबसाइट्स का ट्रैफिक? Google पर गंभीर आरोप
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check