बिजली बिल पर राहत: बिहार सरकार का बड़ा ऐलान, अब 125 यूनिट तक बिजली फ्री

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता को एक बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को उन्होंने ऐलान किया कि अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली बिल नहीं देना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना 1 अगस्त से लागू होगी, लेकिन जुलाई महीने के बिजली बिल से ही यह छूट मिलनी शुरू हो जाएगी।

1.67 करोड़ परिवार होंगे लाभार्थी
नीतीश कुमार ने बताया कि इस फैसले से बिहार के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य सिर्फ फ्री बिजली देना ही नहीं, बल्कि आगे चलकर उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा (Solar Power) की सुविधा देना भी है।

हर घर की छत पर लगेगा सोलर पैनल
नीतीश कुमार ने कहा,

“अगले तीन वर्षों में, सभी घरेलू उपभोक्ताओं की सहमति लेकर उनके घरों की छतों पर या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सोलर एनर्जी सिस्टम लगाया जाएगा।”

इसके तहत:

अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सौर संयंत्र का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी (कुटीर ज्योति योजना के तहत)।

अन्य परिवारों को भी सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से एक ओर जहां उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता भी तेजी से बढ़ेगी। सरकार का लक्ष्य है कि अगले 3 वर्षों में बिहार में 10,000 मेगावाट सोलर एनर्जी तैयार हो।

चुनाव से पहले मास्टरस्ट्रोक?
यह ऐलान ऐसे समय में किया गया है जब बिहार विधानसभा चुनाव इस साल के अंत तक संभावित हैं। ऐसे में इसे सरकार का चुनाव पूर्व बड़ा कदम माना जा रहा है, जो सीधे तौर पर करोड़ों मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है।

यह भी पढ़ें:

अब गूगल के AI जवाबों में भी दिखेंगे विज्ञापन, जानें क्या होगा फर्क