सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। राठौर पर एक महिला ने चार साल से यौन शोषण का आरोप लगाया था। वे फरार थे और पुलिस के सामने पेश नहीं हो रहे थे। उनकी अग्रिम जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। राठौर के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है।
पीड़िता के अनुसार, 2020 में राकेश राठौर ने उसे अपने घर बुलाकर जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर राठौर ने पत्नी से तलाक लेकर पीड़िता से शादी करने का वादा किया। इसके बाद राठौर ने पीड़िता का कई बार शोषण किया। अगस्त 2024 में, सांसद बनने के बाद, राठौर ने पीड़िता को अपने घर बुलाया और उस पर आपत्तिजनक शब्द लिखवाकर हस्ताक्षर करवाए। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने बदनाम करने और जान-माल की धमकी दी।
पीड़िता ने लोकलाज के डर से चुप्पी साधी, लेकिन इसके बावजूद सांसद की ओर से उसका शोषण जारी रहा। आखिरकार, पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया और मामले के साक्ष्य प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी हुई।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check