राजकुमार हिरानी को राष्ट्रीय किशोर सम्मान प्रदत्त

महान गायक-कलाकार किशोर कुमार की 37वीं पुण्यतिथि पर उनके गृहनगर मध्यप्रदेश के खंडवा में राष्ट्रीय किशोर अलंकरण समारोह में इस वर्ष का ये सम्मान प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी को दिया गया।

मध्यप्रदेश शासन के इस अलंकरण समारोह में उन्हें पांच लाख रुपये की सम्मान राशि, शॉल -श्रीफल और सम्मान पट्टिका से सम्मानित किया गया। इसके पूर्व श्री हिरानी ने किशोर कुमार की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर श्री हिरानी ने कहा कि ये सम्मान उनके लिए इसलिए बहुत खास है कि आज से ठीक 37 वर्ष पूर्व वे किशोर कुमार के बंगले के सामने खड़े होकर उन्हें नम आँखों से विदाई देने गए थे। आज भी हिंदुस्तान का कोई घर नहीं होगा, जहाँ कभी किशोर कुमार का गीत न गूंजा हो। कई रियलिटी शोज़ में उन्ही के गीत गाये जाते है।

इसके पूर्व श्री हिरानी अपनी पत्नी के साथ किशोर कुमार की समाधि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे और दूध -जलेबी का भोग लगाया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी कि किशोर कुमार खंडवा और यहां की दूध जलेबी के मुरीद थे।
इस सम्मान समारोह में जनजातीय कार्यमंत्री विजय शाह ने ये सम्मान श्री हिरानी को दिया।

यह भी पढ़े :-

सूर्या अब टेस्ट और एकदिवसीय प्रारुप में भी अपनी जगह बनाने प्रयास करेंगे