पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह महज 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस मैच में उन्हें तीन रन पर एक जीवनदान भी मिला था, लेकिन वह इसका पूरा फायदा नहीं उठा पाए। जबकि गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में रोहित को दो जीवनदान मिले थे और उन्होंने शानदार 81 रन की पारी खेली थी। पंजाब किंग्स से हार के बाद मुंबई इंडियंस का छठा IPL खिताब जीतने का सपना टूट गया। इस हार के साथ ही सवाल उठने लगे हैं कि क्या 2 जून को रोहित शर्मा ने IPL में अपना अंतिम मैच खेला? क्या मुंबई की इस हार के बाद उनका IPL करियर खत्म हो गया है? ये सवाल फैंस और एक्सपर्ट्स के बीच गूंज रहे हैं।
IPL में रोहित शर्मा का भविष्य क्या है?
हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस के कप्तान बनने के बाद से रोहित शर्मा अब फील्डिंग के लिए कम ही मैदान पर उतरते हैं। वह अक्सर सब्सट्यूट खिलाड़ी के रूप में बल्लेबाजी करने का मौका पाते हैं। 38 साल के इस दिग्गज ने पिछले साल T20I क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से भी रिटायरमेंट किया। अब वह केवल वनडे क्रिकेट में ही सक्रिय रहेंगे।
मुंबई इंडियंस इस सीजन से बाहर हो चुकी है, इसलिए रोहित शर्मा के IPL भविष्य पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनकी उम्र और फिटनेस को देखते हुए अब उनकी फील्डिंग पर भरोसा कम हो गया है, जिससे इस सीजन में उन्हें ज्यादातर समय बेंच पर बैठना पड़ा। हालांकि बल्लेबाजी में उन्होंने अपनी काबिलियत का प्रदर्शन जरूर किया है।
IPL में 300 छक्के लगाने का रिकॉर्ड
इस सीजन रोहित शर्मा ने 15 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 29.85 की औसत से 418 रन बनाए, जिनमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। इसी दौरान उन्होंने IPL में 300 छक्के लगाने का भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया। कप्तान के रूप में उन्होंने मुंबई इंडियंस को 5 बार IPL चैंपियन बनाया है। कुल मिलाकर IPL में उन्होंने 272 मैच खेले, 267 पारियों में 29.73 की औसत से 7046 रन बनाए हैं, जिनमें 2 शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं। अब देखना ये होगा कि क्या अगले सीजन में वह मैदान पर वापसी करेंगे या IPL 2025 उनका आखिरी सीजन साबित होगा।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check