अय्यर की कप्तानी में चमके पंजाब किंग्स, प्रीति ने बजाई ताली

पंजाब किंग्स ने रविवार को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 37 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत में सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की ताबड़तोड़ पारी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 25 गेंदों पर शानदार 45 रन बनाकर टीम का स्कोर करीब 250 तक पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया। अय्यर को एलएसजी के स्पिनर दिग्वेश राठी ने आउट किया। उनके आउट होते ही पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा का रिएक्शन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

प्रीति को पहले तो अय्यर के आउट होने पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन इसके बाद उन्होंने ताली बजाकर अपने कप्तान का सम्मान किया। इससे पहले भी शशांक सिंह के स्टेडियम के बाहर छक्का लगाने पर प्रीति का उत्साह देखने लायक था और वह वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।

पंजाब के लिए खास रही ये जीत
यह जीत पंजाब के लिए बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि टीम अब पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि पंजाब ने 11 साल बाद पहली बार पॉइंट्स टेबल में 14 अंकों का आंकड़ा पार किया है। टीम ने इस सीजन से पहले मेगा ऑक्शन में कई अहम बदलाव किए थे और रिकी पोंटिंग को कोच और श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाकर एक नई शुरुआत की थी।

पहले खिताब की ओर नजरें
पंजाब किंग्स का अब लक्ष्य आईपीएल का पहला खिताब जीतना है। दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरह पंजाब भी अभी तक एक बार भी आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर पाई है, लेकिन इस बार टीम के प्रदर्शन ने फैंस में नई उम्मीद जगा दी है।

यह भी पढ़ें:

हानिया आमिर पर टूटा विवादों का तूफान – फिल्म से बाहर, इंस्टाग्राम भी बैन