करनाल, सेक्टर 12: सुपर मॉल के सामने जागो हिंदू जागो मंच के कार्यकर्ताओं ने पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया। मंच का आरोप है कि दिलजीत की आने वाली फिल्म सरदार जी 3 में एक पाकिस्तानी अभिनेत्री को कास्ट किया गया है, जिसे वे देश के सम्मान के खिलाफ मानते हैं।
मंच के प्रधान दिनेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस अभिनेत्री को फिल्म में लिया गया है, उसने कथित तौर पर भारत के ऑपरेशन सिंधु को “कायरतापूर्ण” कहा था। उन्होंने कहा, “ऐसी बयानबाज़ी करने वाली अभिनेत्री को अपनी फिल्म में लेकर दिलजीत ने देश का अपमान किया है। यह राष्ट्रभक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रद्रोह जैसा है।”
करनाल में रिलीज रोकने की चेतावनी
मंच की ओर से कहा गया कि अगर सरदार जी 3 फिल्म करनाल में रिलीज की गई, तो उसके बैनर फाड़े जाएंगे और सिनेमाघरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मंच के कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी की और पुतला जलाकर रोष जताया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की नजर, लेकिन शिकायत नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है और ज़रूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:
मच्छर जितना छोटा जासूस! चीन ने बनाया माइक्रो मिलिट्री ड्रोन, कैमरा भी है फिट
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check