कर्नाटक के हासन जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक आईपीएस अधिकारी की ड्यूटी के पहले ही दिन दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह अपनी पहली तैनाती पर कार्यभार संभालने जा रहे थे।
मध्यप्रदेश के रहने वाले 2023 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन की दुर्घटना रविवार देर शाम को हुई। वह जिस पुलिस वाहन से हासन जा रहे थे, उस गाड़ी का टायर हासन तालुक के किट्टाने के पास फट गया। इसके बाद चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे एक घर और पेड़ से टकरा गया।
पुलिस के अनुसार, वर्धन होलेनरसीपुर में परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में ड्यूटी पर रिपोर्ट करने जा रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में वर्धन के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, गाड़ी के चालक मंजेगौड़ा को मामूली चोटें आईं।
आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन ने हाल ही में मैसूर स्थित कर्नाटक पुलिस अकादमी में चार सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया था। प्रारंभिक जांच से पता चला कि वाहन का टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ। हर्षवर्धन ने इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी की थी और 2022-23 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 153वीं रैंक हासिल कर पहली बार में सिविल सेवा परीक्षा पास की थी।
हासन के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सुजीत और सहायक पुलिस अधीक्षक वेंकटेश नायडू ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check