आईआईटी मद्रास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत की सैन्य ताकत को लेकर बड़ी बातें कहीं। उन्होंने विदेशी मीडिया पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ तथ्यहीन और भ्रामक रिपोर्टिंग की गई है।
विदेशी मीडिया पर तीखा हमला
अजित डोभाल ने कहा:
“कई विदेशी समाचार एजेंसियों ने दावा किया कि पाकिस्तान ने भारत को नुकसान पहुंचाया। मैं पूछता हूं – एक भी तस्वीर दिखाइए जिसमें भारत को कोई क्षति हुई हो, एक कांच तक टूटा हो?”
उन्होंने आगे कहा:
“10 मई से पहले और बाद की जो सैटेलाइट तस्वीरें उन्होंने दिखाईं, उनमें पाकिस्तान के 13 एयरबेस दिखाए गए। लेकिन भारत का कोई नुकसान नहीं दिखा। ये सिर्फ बातें छापते हैं, तथ्य नहीं।”
“हमने 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, एक भी चूका नहीं”
डोभाल ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पूरी तरह से सटीक और सफल रहा। उन्होंने बताया:
“हमने पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ठिकानों पर निशाना साधा, और एक भी निशाना नहीं चूका। ये ठिकाने सीमावर्ती नहीं थे, बल्कि पाकिस्तान के अंदर थे। हमें पहले से पता था कि कौन, कहां है।”
“पूरे ऑपरेशन में सिर्फ 23 मिनट लगे और भारत को एक भी खरोंच नहीं आई।”
स्वदेशी तकनीक की ताकत
डोभाल ने देश को आत्मनिर्भर बनने की जरूरत पर बल देते हुए कहा:
“हमें गर्व है कि ऑपरेशन सिंदूर में काफी हद तक स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। भविष्य में भी हमारी तकनीकी आत्मनिर्भरता ही हमारी रक्षा की रीढ़ बनेगी।”
“भारत एक राज्य नहीं, एक राष्ट्र है जो हजारों वर्षों से जीवित है”
अपने भाषण में डोभाल ने भारतीय सभ्यता की मजबूती और जुझारूपन की बात भी कही:
“हम एक ऐसे राष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं जो सहस्राब्दियों से अस्तित्व में है। हमारे पूर्वजों ने इस सभ्यता को जीवित रखने के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं। राज्य और राष्ट्र अलग होते हैं — भारत एक राष्ट्र है, जो आने वाले समय में और अधिक शक्तिशाली होकर उभरेगा।”
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल, 2025: दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर 26 नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
पीड़ितों की हत्या से पहले उनकी धार्मिक पहचान की गई थी।
7 मई: भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की।
100 से अधिक आतंकवादी ढेर, और पाकिस्तान के 9 एयरबेस तबाह कर दिए गए।
बाद में एक लीक हुए पाकिस्तानी डोज़ियर में खुलासा हुआ कि भारत ने इससे कहीं अधिक ठिकानों को निशाना बनाया था।
यह भी पढ़ें:
डायबिटीज़ में भी खाएं स्वाद से भरपूर सिंघाड़ा, जानें इसके चमत्कारी फायदे
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check