भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में हो रहे आखिरी चरण के मतदान के मद्देनजर लोगों से इस केंद्रशासित प्रदेश को सुरक्षित, सुशासन युक्त व प्रगतिशील बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
जम्मू-कश्मीर में आखिरी चरण में 40 सीट पर मतदान हो रहा है। इस दौर में 415 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए वोट कर रहे समस्त मतदाताओं, विशेषकर युवा साथियों से अत्यधिक संख्या में मतदान कर सुरक्षित, सुशासन युक्त एवं प्रगतिशील जम्मू-कश्मीर के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परिपक्व और समावेशी हो रहा लोकतंत्र यहां जन-जन के बेहतर भाग्य एवं भविष्य का निर्माण करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार, परिवारवाद और अराजकता से मुक्त जम्मू-कश्मीर का निर्माण सभी की सक्रिय सहभागिता से साकार होगा।’’
इस चरण में 5,060 मतदान केंद्रों पर 39 लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे। इससे पहले 18 और 25 सितंबर को पहले और दूसरे चरण का मतदान हुआ था।
यह भी पढ़े :-
मेरी फिल्मों की तरह मेरा संगीत भी किसी फॉर्मूले में बंधा नहीं है: आयुष्मान
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check