महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने कई शहरों की हालत बिगाड़ दी है। मुंबई, पुणे, ठाणे और रायगढ़ जैसे जिलों में लगातार हो रही बारिश से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और ट्रैफिक जाम की समस्या ने आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
इस बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति पर बयान देते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
“35 साल में पहली बार समय से पहले आया मानसून”
शिंदे ने जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मानसून से निपटने को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। उन्होंने कहा:
“35 सालों में पहली बार मानसून इतना जल्दी आया है। हम मानते हैं कि लोगों को थोड़ी दिक्कतें हो रही हैं, लेकिन सरकार अलर्ट मोड पर है।”
उन्होंने बताया कि BMC, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग, कोस्ट गार्ड और अन्य एजेंसियों के बीच पूरा समन्वय है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
“लोगों की तकलीफ कम करना सरकार की जिम्मेदारी”
जब एकनाथ शिंदे से मेट्रो स्टेशनों में पानी भरने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि:
“जहां-जहां लोगों को परेशानी हो रही है, उसे ठीक करना सरकार की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ स्थानों पर जहां दीवारें बनाई जा रही थीं, काम अभी अधूरा था, इसलिए ऐसी दिक्कतें सामने आईं। इस पर किसी को दोषी ठहराना सही नहीं है।
“शिवसेना (UBT) ने 25 साल में क्या किया?”
शिंदे ने शिवसेना (UBT) पर निशाना साधते हुए कहा कि:
“25 साल में इन्होंने क्या किया? मेट्रो का काम तो इन्होंने ही रोका था। हमने उसे फिर से शुरू किया और अब लाखों लोग लाभ उठा रहे हैं।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के समय राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।
“जीरो कैजुअल्टी हो, यही सरकार की प्राथमिकता”
शिंदे ने बताया कि बारिश के दौरान जान-माल की हानि को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य भर में नोडल ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है जो स्थानीय स्तर पर निगरानी और राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेनों में देरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
यह भी पढ़ें:
गौतम गंभीर मां कामाख्या के दरबार में पहुंचे, इंग्लैंड दौरे से पहले मांगा जीत का आशीर्वाद
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check