बिहार में MSME को बढ़ावा, पटना सहित चार जिलों में तकनीकी केंद्रों का उद्घाटन

पटना। बिहार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में हाल ही में पटना के बिहटा स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में विस्तार केंद्रों की भी शुरुआत की गई।

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से इन केंद्रों का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इन प्रौद्योगिकी केंद्रों के माध्यम से राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार MSME क्षेत्र को मजबूत कर आत्मनिर्भर बिहार के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से बिहार में ऐसे 10 और केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले बिहार में एक भी विस्तार केंद्र नहीं था, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर लगभग छह हो गई है, जिनमें से चार का आज उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को आधुनिक तकनीक एवं प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को नई मजबूती प्राप्त होगी।

इन प्रौद्योगिकी केंद्रों की स्थापना से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।