कुंभ की वायरल गर्ल ‘मोनालिसा’ प्रेग्नेंट! पुलिस के सामने पेश होने से इनकार

प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आई ‘वायरल गर्ल’ एक बार फिर चर्चा में है। उसके पति फरमान खान ने दावा किया है कि उसकी पत्नी गर्भवती है, इसलिए वह यात्रा करने या पुलिस के सामने पेश होने की स्थिति में नहीं है। कोच्चि पहुंची मध्य प्रदेश पुलिस से बातचीत में फरमान ने कहा कि डॉक्टरों ने गर्भावस्था और स्वास्थ्य को देखते हुए उसे बेड रेस्ट की सलाह दी है। फिलहाल पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और पुष्टि के लिए मेडिकल प्रमाणपत्र की मांग कर सकती है।

इस बयान के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि युवती लापता नहीं है, बल्कि अपने पति के साथ रह रही है। हालांकि, नाबालिग होने के आरोपों के चलते पुलिस अब तक दोनों से पूछताछ नहीं कर पाई है। मामले की जांच में जन्मतिथि को लेकर भी विवाद सामने आया था। मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार उसका जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ, जिससे शादी के समय उसकी उम्र 16 वर्ष से कम पाई गई।

शुरुआत से ही यह विवाह विवादों में रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि फरमान ने बहला-फुसलाकर शादी की। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच में भी नाबालिग होने की बात सामने आई, जिसके बाद फरमान पर POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल केरल हाई कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 मई तक रोक लगा रखी है।