तमिलनाडु के कोयंबटूर में भारतीय वस्त्र उद्योग परिसंघ (CITI) द्वारा तीसरे मानव निर्मित फाइबर सम्मेलन का आयोजन सोमवार को सफलतापूर्वक किया गया। इस सम्मेलन में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम-मित्र पार्कों की स्थापना और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना भारतीय कपड़ा क्षेत्र के लिए गेमचेंजर के रूप में कार्य करेगी। इसी के साथ केंद्रीय मंत्री ने वैश्विक कपड़ा क्षेत्र में भारत की स्थिति को और मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न कदमों पर प्रकाश डाला।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2030 तक 100 अरब डॉलर मूल्य के वस्त्र और परिधान निर्यात का लक्ष्य तय किया है, जिसमें मानव निर्मित फाइबर और उनके मिश्रणों की भूमिका अहम होगी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के मार्गदर्शन में मानव निर्मित फाइबर क्षेत्र के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित हो रहा है।
गौरतलब है कि इस सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक व्यापारिक परिदृश्य में भारत की स्थिति को सशक्त करना था। इसमें नीति निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और साझेदारों ने भाग लिया और मानव निर्मित फाइबर मूल्य श्रृंखला में भारत की भूमिका को लेकर विचार साझा किए गए।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check