एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है। इस त्रासदी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने शनिवार को अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
“जवाबदेही से नहीं भाग सकती सरकार” – खरगे
पत्रकारों से बातचीत में खरगे ने कहा:
“सरकार को इस हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यह कोई मामूली घटना नहीं है। अभी तक केंद्र या राज्य सरकार की ओर से मुआवजे की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि यह हादसा व्यवस्था में बड़ी चूक को दर्शाता है, और इससे सबक लेना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने किया घटनास्थल का दौरा
खरगे के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्तिसिंह गोहिल और मुकुल वासनिक भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों तथा घायलों के प्रति गहरी संवेदना जताई।
“यह हादसा अहमदाबाद की स्मृतियों में हमेशा दर्ज रहेगा,” – खरगे ने दुख भरे स्वर में कहा।
घायल विश्वासकुमार से मुलाकात
खरगे ने अस्पताल में इलाज करा रहे मेडिकल छात्रों और दुर्घटना के इकलौते जीवित बचे व्यक्ति विश्वासकुमार रमेश से भी मुलाकात की।
“उनकी जान बचना किसी चमत्कार से कम नहीं है,” – उन्होंने कहा।
खरगे ने डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कांग्रेस का राहत कार्य जारी
खरगे ने यह भी बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार दो दिनों से पीड़ित परिवारों की मदद में लगे हुए हैं और जब तक जरूरत होगी, वे सेवा करते रहेंगे।
उन्होंने कहा:
“दवा या किसी ज़रूरी चीज़ की व्यवस्था न होने पर हमारी पार्टी सहायता करेगी। यह समय राजनीति का नहीं, सेवा का है।”
हादसे पर सस्ती राजनीति न करें: खरगे
मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस बात पर नाराज़गी जताई कि कुछ लोग सिर्फ फोटो खिंचवाकर श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
“ऐसी घटनाएं सिर्फ बयानबाज़ी से नहीं, ठोस ज़िम्मेदारी तय करने से सुधरेंगी,” उन्होंने कहा।
ब्लैक बॉक्स की जांच पर पूछे गए सवाल पर खरगे ने कहा कि “अभी दुख की घड़ी है, इसलिए जांच पर कोई टिप्पणी करना जल्दबाज़ी होगी।” उन्होंने भरोसा जताया कि रिपोर्ट आने के बाद पार्टी इस पर ठोस रुख रखेगी।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check