क्रिकेट की दुनिया में कुछ पारियां ऐसी होती हैं जो इतिहास में दर्ज हो जाती हैं, और दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ वही कर दिखाया। जब दिल्ली की टीम 210 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और 40 गेंदों में 5 विकेट गंवा चुकी थी, तब मैदान पर आए इस खिलाड़ी ने मैजिक कर दिया।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 66 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल थे। विपराज निगम के साथ सिर्फ 19 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी कर उन्होंने मैच का पासा पलट दिया और दिल्ली को इतिहास की सबसे बड़ी सफल रन चेज़ दिलाई।
कैसे दिल्ली को जिताया आशुतोष ने?
दिल्ली की हालत बहुत खराब थी— 6.4 ओवर में 5 विकेट गिर चुके थे। लेकिन तभी मैदान पर आए आशुतोष शर्मा, जिन्होंने पहले मुश्किल का सामना किया और फिर आंधी मचा दी।
पहली 20 गेंदों पर सिर्फ 20 रन, लेकिन अगली 11 गेंदों पर 46 रन बना डाले!
16वें ओवर में प्रिंस यादव के ओवर में 3 चौके और 1 छक्का लगाकर इरादे साफ कर दिए।
18वें ओवर में रवि बिश्नोई को भी नहीं बख्शा—2 छक्के और 1 चौका ठोक डाला।
19वें ओवर में फिर प्रिंस यादव के ओवर में 1 छक्का और 1 चौका जड़ा।
आखिरी ओवर में सिर्फ 6 रनों की जरूरत थी, और आशुतोष ने शाहबाज अहमद की गेंद पर छक्का मारकर दिल्ली को जीत दिला दी!
8 साल की उम्र में छोड़ा घर, कपड़े धोकर गुजारा किया!
आज जब पूरी दुनिया इस खिलाड़ी को सलाम कर रही है, तो ये जानना दिलचस्प होगा कि आशुतोष शर्मा का सफर कितना संघर्षपूर्ण रहा।
मध्य प्रदेश के रतलाम में जन्मे आशुतोष महज 8 साल की उम्र में घर छोड़कर इंदौर आ गए थे।
उनके पास खाने के लिए पैसे नहीं थे, छोटे-मोटे काम करके पेट भरते थे।
क्रिकेट का जुनून ऐसा था कि मैचों में अंपायरिंग तक की, लोगों के कपड़े तक धोए।
लेकिन फिर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अमय खुरसिया ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें ट्रेनिंग दी।
इसके बाद मध्य प्रदेश की टीम में पहुंचे, लेकिन फिर रेलवे की टीम में शिफ्ट हुए, जहां नौकरी भी मिली।
आईपीएल 2023 में पंजाब ने उन्हें 20 लाख में खरीदा, लेकिन इस बार दिल्ली ने 3.8 करोड़ में दांव खेला—और अब उन्होंने इस कीमत को सही साबित करना शुरू कर दिया है।
क्या आशुतोष बनेंगे दिल्ली कैपिटल्स का नया सुपरस्टार?
पहले ही मैच में इतनी जबरदस्त पारी खेलकर आशुतोष शर्मा ने बता दिया है कि वो लंबी रेस के घोड़े हैं। अब देखना होगा कि आने वाले मैचों में वो अपनी इस फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं या नहीं!
यह भी पढ़ें: