एक समय था, जब जूही चावला और शाहरुख खान की जोड़ी बड़े परदे पर धमाल मचाया करती थी। लोगों को दोनों की जोड़ी खूब पसंद थी। फिल्म के अलावा अब दोनों कई साल से कारोबार में भी जोड़ीदार हैं। सभी जानते हैं कि जूही और शाहरुख खान इंडियन प्रीमियर लीग की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक हैं। दोनों एक-दूसरे के बारे में कई बातें जानते हैं और हाल ही में, इसका एक उदाहरण भी देखने को मिला है।
गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में जूही चावला ने शाहरुख खान के करियर के शुरूआती दिनों का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। जूही ने बताया कि शाहरुख के पास एक काले रंग की जिप्सी हुआ करती थी और वो उसकी ईएमआई नहीं भर पा रहे थे, जिसके चलते उनकी कार को ले लिया गया था। इस घटना के बाद वो निराश होकर फिल्म के सेट पर पहुंचे थे।
तब जूही ने उन्हें सांत्वना देते हुए कहा था कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। एक दिन तुम्हारे पास कई सारी कार होगी। जूही ने कहा कि शाहरुख आज भी इस बात को याद करते हैं। जूही ने कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया कि शाहरुख के पास मुंबई में घर नहीं होता था। वो फिल्म के क्रू सदस्यों के साथ घुलमिल कर रहा करते थे। उन्हीं के साथ चाय पीते थे और उन्हीं के साथ खाना खाते थे। उन दिनों वो दो से तीन शिफ्ट में काम करते थे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check