रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में उत्तर कोरिया अब खुलकर रूस का समर्थन कर रहा है। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, किम जोंग उन ने इस साल रूस को न सिर्फ हथियारों की आपूर्ति बढ़ाई है, बल्कि 3,000 और सैनिक भी भेजे हैं। ये सैनिक रूस की सेना को युद्ध के मैदान में समर्थन देने के लिए तैनात किए गए हैं।
पहले भी भेजे जा चुके हैं हजारों सैनिक
इससे पहले भी उत्तर कोरिया ने करीब 11,000 सैनिक रूस को भेजे थे, जिनमें से 4,000 से ज्यादा या तो मारे जा चुके हैं या घायल हो गए हैं। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) ने खुलासा किया है कि जनवरी और फरवरी के बीच उत्तर कोरिया ने 3,000 और सैनिक भेजे हैं। इससे यह साफ हो जाता है कि उत्तर कोरिया सिर्फ हथियार ही नहीं, बल्कि सीधे तौर पर सैनिक भी भेजकर रूस की पूरी मदद कर रहा है। हालांकि, रूस और उत्तर कोरिया की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
किम-पुतिन के मजबूत होते रिश्ते
उत्तर कोरिया और रूस के बीच सैन्य सहयोग 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से काफी मजबूत हुआ है। पिछले साल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया का दौरा किया था, जहां दोनों देशों के बीच एक सैन्य समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत उत्तर कोरिया रूस को अपने सैनिकों और हथियारों की आपूर्ति कर रहा है।
सिर्फ सैनिक ही नहीं, हथियारों का जखीरा भी भेज रहा किम
उत्तर कोरिया रूस को हथियारों की भी बड़ी मात्रा में सप्लाई कर रहा है। दक्षिण कोरिया की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया ने रूस को शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलें (SRBM), 220 यूनिट 170mm सेल्फ-प्रोपेल्ड गन और 240mm मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर भेजे हैं। ये सभी हथियार यूक्रेन पर दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
क्यों हथियार भेज रहा उत्तर कोरिया?
उत्तर कोरिया पर पहले से ही संयुक्त राष्ट्र द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षण को लेकर कई प्रतिबंध लगे हुए हैं। इसके बावजूद किम जोंग उन लगातार मिसाइल परीक्षण कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया यूक्रेन युद्ध को अपने हथियारों की क्षमता परखने के लिए इस्तेमाल कर रहा है।
इस युद्ध के जरिए उत्तर कोरिया अपने हथियारों की ताकत परखकर अपने रक्षा उद्योग को मजबूत करना चाहता है। इसके अलावा, रूस को सपोर्ट कर उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश में है।
क्या युद्ध में उत्तर कोरिया की बढ़ती दखलंदाजी यूक्रेन के लिए मुश्किलें बढ़ाएगी?
उत्तर कोरिया की इस खुली सैन्य मदद से रूस और मजबूत हो सकता है, जिससे यूक्रेन के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में देखना होगा कि पश्चिमी देश और NATO इस पर क्या रुख अपनाते हैं।
यह भी पढ़ें:
बिना महंगी सर्विसिंग के AC को खुद करें साफ, बिजली बिल भी होगा कम
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check