कांतारा की एक्ट्रेस सप्तमी गौड़ा ने दर्ज कराया मानहानि का केस

कन्नड फिल्म इंडस्ट्री के लिए बीते कुछ दिन काफी विवादित रहे हैं। अब एक नया विवाद जन्म लेता दिख रहा है। विवाद लोकप्रिय फिल्म ‘कंतारा’ की अभिनेत्री सप्तमी गौड़ा से जुड़ा है, जिन्होंने युवा राजकुमार की पूर्व पत्नी श्रीदेवी के खिलाफ 10 करोड़ का मानहानि का केस दर्ज कराया है। बताते चलें कि युवा राजकुमार स्टार अभिनेता शिव राजकुमार के भतीजे हैं। उन्होंने ‘युवा’ फिल्म से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, जिसमें सप्तमी गौड़ा भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।

युवा राजकुमार और श्रीदेवी 26 मई 2019 को शादी के बंधन में बंध गए थे। हालांकि, ये रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका। शादी के पांच साल बाद ही दोनों के बीच खटास काफी बढ़ने लगी और इनके विवादों की खबरें सुर्खियां बटोरने लगीं। हाल में ही अभिनेता ने तलाक के लिए अर्जी दी थी। इस खबर ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अब, श्रीदेवी ने अपने कई इंटरव्यू में तलाक के मुद्दों पर सप्तमी गौड़ा को कारण बताया है, जिसके बाद सप्तमी ने श्रीदेवी पर मानहानी का केस दर्ज किया है।

श्रीदेवी और युवा राजकुमार के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप की खबरें सुर्खियां बनती रही हैं। श्रीदेवी ने कहा है कि सप्तमी और उनके पति के अफेयर की वजह से उनकी शादी नहीं चल पाई। बीते कुछ दिनों में श्रीदेवी की तरफ से लगातार सप्तमी पर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद अभिनेत्री ने ये कदम उठाया है और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।