तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और दिग्गज अभिनेता कमल हासन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ठग लाइफ’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की पूरी स्टारकास्ट अब प्रमोशन में व्यस्त है, और इस दौरान कमल हासन ने मणिरत्नम के साथ 35 साल बाद काम करने और उनके साथ अपनी दोस्ती पर खुलकर बातचीत की।
कमल हासन और मणिरत्नम की दोस्ती की शुरुआत
कमल हासन और मणिरत्नम ने आखिरी बार 1987 में आई सुपरहिट फिल्म ‘नायकन’ में साथ काम किया था। अब ‘ठग लाइफ’ के जरिए दोनों फिर से एक साथ आ रहे हैं। इस दौरान कमल हासन ने मणिरत्नम के साथ अपनी दोस्ती को लेकर बताया, “मैं उन्हें एक दोस्त के रूप में जानता हूं, जो उसी इलाके में रहता था। मुझे ये भी नहीं पता था कि वह फिल्मी परिवार से हैं। वह सिर्फ एक इंसान थे, और मुझे उनका बात करने का तरीका पसंद आया। हम दोस्त बन गए, और फिर हम सिनेमा पर ही बात करते थे, कोई गपशप नहीं होती थी। हमारी दोस्ती यहीं से शुरू हुई।”
‘हम दोनों फिल्म के फैन हैं’
कमल हासन ने अपनी और मणिरत्नम की फिल्मी प्रेम को लेकर एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, “जब हम ‘नायकन’ की शूटिंग कर रहे थे, उस समय रमेश सिप्पी साहब भी फिल्म सिटी में शूटिंग कर रहे थे। हम सब उनकी शूटिंग देखने गए थे। हम भी फिल्म के फैन हैं, और यही हमारी दोस्ती की जड़ थी। हम हमेशा ही उन लोगों को देखना चाहते थे जिनसे हम सीख सकते थे, खासकर जब वे प्रतिभाशाली होते थे।”
मणिरत्नम ने की कमल हासन की तारीफ
इस दौरान मणिरत्नम ने भी कमल हासन के साथ अपनी दोस्ती को याद करते हुए कहा, “मुझे याद है जब कमल ‘सदमा’ की योजना बना रहे थे, और वह जो कहानी सुनाते थे, वह मेरे दिमाग में बसी हुई है। उनका तरीका बिल्कुल अलग था, और मुझे गर्व है कि मैं उनके साथ काम कर रहा था। वह सच में एक ऐसे व्यक्ति हैं जो हमारे लिए एक बड़ा रास्ता बना रहे हैं।”
5 जून को रिलीज होगी ‘ठग लाइफ’
‘ठग लाइफ’ 5 जून को रिलीज होने जा रही है, और इसे मणिरत्नम ने निर्देशित किया है। फिल्म में कमल हासन ने रंगाराया शक्तिवेल नायकर की भूमिका निभाई है, जो एक ऐसा व्यक्ति है जो क्राइम और जस्टिस के बीच फंसा हुआ है। इस फिल्म में कमल हासन के साथ सिलंबरासन टीआर, तृषा कृष्णन, अभिरामी, और अशोक सेलवन भी नजर आएंगे। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है।
यह भी पढ़ें:
गर्मी में AC चलाते समय भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, वरना हो सकता है बड़ा हादसा
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check