पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच रविवार दोपहर धर्मशाला में मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी प्रैक्टिस करते हुए दिखाई दिए. चेन्नई ने धोनी का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वे कई दमदार शॉट खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं. धोनी के साथ-साथ रवींद्र जडेजा भी प्रैक्टिस करते दिखे. अगर धोनी इसी तरह मैच में खेले तो गेंदबाजों की दिक्कत बढ़ सकती है.
धोनी ने प्रैक्टिस के दौरान कई तरह के शॉट खेले. उन्होंने नेट्स में छक्कों की भी प्रैक्टिस की. धोनी के साथ-साथ जडेजा भी लय में दिखे. जडेजा ने भी कई तरह के शॉट खेले. धोनी की बात करें तो वे इस सीजन में बहुत ही कम खेले हैं. वे लास्ट में बैटिंग करने आते हैं. लेकिन वे जब-जब खेलने आए फैंस के रोमांच को दोगुना करके गए. जडेजा की बात करें तो उन्होंने कुछ ही मैचों में अच्छा परफॉर्म किया है.
धोनी के आईपीएल 2024 में प्रदर्शन को देखें तो उन्होंने 10 मैचों में 110 रन बनाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 37 रन रहा है. धोनी ने इस सीजन में 10 चौके और 9 छक्के लगाए हैं. रवींद्र जडेजा की बात करें तो उन्होंने 10 मैचों में 159 रन बनाए हैं. जडेजा ने एक अर्धशतक लगाया है. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 57 रन रहा है. जडेजा ने इन मुकाबलों में गेंदबाजी भी की है. उन्होंने 5 विकेट झटके हैं.
बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2024 में 10 मैच खेले हैं. इस दौरान 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. वहीं 5 मैचों में हार का सामना किया है. चेन्नई के पास 10 पॉइंट्स हैं. चेन्नई ने आरसीबी, गुजरात, कोलकाता, मुंबई और हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज की है. वहीं दिल्ली, लखनऊ और पंजाब के खिलाफ हार का सामना किया है.
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check