इस साल ‘मिस वर्ल्ड 2025’ का आयोजन भारत के तेलंगाना में होने जा रहा है। इस ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट में 120 देशों की खूबसूरत प्रतियोगी हिस्सा लेंगी। इन्हीं में से भारत की नंदिनी गुप्ता भी शामिल हैं, जो राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं।
7 मई से 31 मई तक चलने वाले इस ब्यूटी पेजेंट का फिनाले बेहद खास होने वाला है, जहां मिस वर्ल्ड 2024 क्रिस्टीना पिस्जकोवा इस साल की विनर को ताज पहनाएंगी। लगातार दूसरी बार भारत में हो रहे इस प्रतिष्ठित इवेंट में नंदिनी कैसा प्रदर्शन करेंगी, इसे लेकर हर कोई उत्सुक है।
कौन हैं नंदिनी गुप्ता?
राजस्थान के कोटा के कैथून में जन्मी नंदिनी गुप्ता ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने मुंबई के लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया। नंदिनी पिछले दो साल से ‘मिस वर्ल्ड 2025’ के लिए खुद को तैयार कर रही हैं।
भारत में ही क्यों हो रहा ‘मिस वर्ल्ड 2025’?
पहले 71वां मिस वर्ल्ड दुबई में आयोजित होने वाला था, लेकिन बाद में इसे भारत में करवाने का फैसला लिया गया। हालांकि, दिल्ली चुनावों के चलते यह आयोजन आगे बढ़ गया और मार्च 2024 में आयोजित हुआ। इसमें भारत की सिनी शेट्टी ने हिस्सा लिया था। इस ब्रेक की वजह से नंदिनी को भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
प्रियंका चोपड़ा से प्रेरणा लेती हैं नंदिनी
21 साल की नंदिनी गुप्ता, प्रियंका चोपड़ा को अपना आदर्श मानती हैं। उनके सेंस ऑफ ह्यूमर, आत्मविश्वास और अंतरराष्ट्रीय पहचान से नंदिनी को बहुत प्रेरणा मिलती है। उनका कहना है कि प्रियंका ने जिस तरह से भारत का नाम रोशन किया, वैसा ही कुछ वह भी करना चाहती हैं।
कोटा और कैथून की फैब्रिक कला को देना चाहती हैं पहचान
नंदिनी का सपना सिर्फ ‘मिस वर्ल्ड’ बनना नहीं है, बल्कि वह अपने शहर की कला और कलाकारों को भी आगे लाना चाहती हैं। उनका कहना है कि कैथून की महिलाएं और उनके परिवार फैब्रिक आर्ट से जुड़े हुए हैं। खासकर ‘डोरियां आर्ट’ बहुत मशहूर है, लेकिन सही प्लेटफॉर्म न मिलने के कारण इसे उतनी पहचान नहीं मिलती।
नंदिनी चाहती हैं कि उनके समुदाय के कलाकारों को एक ऐसा मंच मिले, जहां उनकी मेहनत का सही दाम मिले और उनके साथ किसी भी तरह का शोषण न हो।
यह भी पढ़ें:
तेलुगु सुपरस्टार के घर पर चोरों की वारदात: करीबी पर भी शक, पुलिस जुटी जांच में
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check