कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की ‘द्रौपदी’ वाली एक टिप्पणी को लेकर सोमवार को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा और सवाल किया कि यदि ऐसे तत्वों को प्रोत्साहित किया जाएगा तो देश में महिलाओं के सुरक्षित होने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को आरोप लगाया था कि कांग्रेस के हुड्डा परिवार ने वैसे ही पहलवानों को दांव पर लगाकर उनके (सिंह के) खिलाफ साज़िश रची जैसे महाभारत में पांडवों ने द्रौपदी को दांव पर लगाया था।
भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख सिंह पर पिछले वर्ष कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और उनके खिलाफ जांच की मांग को लेकर कई सप्ताह तक धरना दिया था।
सिंह की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘बृजभूषण शरण सिंह द्वारा की गई यह वीभत्स टिप्पणी है। दुर्भाग्य से भाजपा उन पर लगाम लगाने में असमर्थ है। उन पर लगाम लगाए जाने की जरूरत है क्योंकि इससे देश की सत्तारूढ़ पार्टी की गलत तस्वीर बनती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर सत्तारूढ़ दल में ऐसे तत्वों को प्रोत्साहित किया जाता है, तो आप इस देश में महिलाओं के सुरक्षित होने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?’’
कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना सीट से मैदान में उतारा है।
यह भी पढ़े :-
हर्बल दवाएं भी बढ़ा सकती हैं लिवर डैमेज का खतरा, गिलोय का अधिक सेवन भी नुकसानदायक
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check