आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह अलार्म से लेकर रात की आखिरी सोशल मीडिया स्क्रॉल तक, हर काम फोन से जुड़ा है। लेकिन जैसे ही फोन की बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है, परेशानी बढ़ जाती है। कई बार फोन नया दिखता है, लेकिन बैटरी साथ छोड़ देती है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि आपके फोन की बैटरी में कितनी “लाइफ” बची है और उसकी सेहत कैसी है।
बैटरी हेल्थ क्यों है जरूरी
मोबाइल की बैटरी समय के साथ कमजोर होती जाती है। बार-बार चार्ज करने, फास्ट चार्जर के अधिक इस्तेमाल, ज्यादा गर्मी और ओवरचार्जिंग से बैटरी की क्षमता कम हो जाती है। बैटरी हेल्थ खराब होने का सीधा असर फोन की परफॉर्मेंस पर पड़ता है। फोन जल्दी डिस्चार्ज होता है, अचानक बंद हो जाता है और कई बार हैंग करने लगता है।
एंड्रॉयड फोन में बैटरी हेल्थ कैसे जांचें
अधिकांश एंड्रॉयड फोन में बैटरी हेल्थ का सीधा विकल्प नहीं होता, लेकिन कुछ आसान तरीकों से जानकारी मिल सकती है।
फोन में ##4636## डायल करने पर बैटरी की स्थिति, वोल्टेज और तापमान की जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा प्ले स्टोर पर मौजूद भरोसेमंद ऐप्स जैसे AccuBattery या CPU-Z की मदद से बैटरी की हेल्थ, चार्ज साइकल और क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आईफोन यूज़र्स के लिए आसान तरीका
आईफोन में बैटरी हेल्थ चेक करना बेहद आसान है। इसके लिए Settings में जाकर Battery पर टैप करें और फिर Battery Health & Charging विकल्प चुनें। यहां Maximum Capacity प्रतिशत में दिखाई देती है। यदि यह 80 प्रतिशत से नीचे पहुंच गई है, तो बैटरी बदलवाने का समय आ गया है।
बैटरी की उम्र बढ़ाने के आसान उपाय
विशेषज्ञों के अनुसार, बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत के बीच चार्ज रखना सबसे बेहतर होता है। फोन को रातभर चार्ज पर लगाकर न छोड़ें। जरूरत न होने पर फास्ट चार्जर का इस्तेमाल कम करें और फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाएं। साथ ही, अनावश्यक ऐप्स को बंद रखना और ब्राइटनेस कम करना भी बैटरी के लिए फायदेमंद होता है।
कब बदलवानी चाहिए बैटरी
अगर फोन 100 प्रतिशत चार्ज होने के बाद भी कुछ ही घंटों में डिस्चार्ज हो जाए, या अचानक बंद होने लगे, तो यह साफ संकेत है कि बैटरी कमजोर हो चुकी है। ऐसी स्थिति में नई बैटरी लगवाना ही बेहतर विकल्प होता है।
यह भी पढ़ें:
धुरंधर का कहर: 32वें दिन भी करोड़ों नोट छापे, ‘इक्कीस’ की हालत पर उठे सवाल
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check