सिर्फ नमक नहीं, सेहत का खजाना है हिमालयन सॉल्ट

हिमालयन नमक, जिसे सेंधा नमक या पिंक सॉल्ट भी कहा जाता है, हिमालय की पहाड़ियों से निकाला जाता है और इसका रंग हल्का गुलाबी होता है। आयुर्वेद में इसे एक बेहद गुणकारी और संतुलित नमक माना गया है। यह नमक तीनों दोषों — वात, पित्त और कफ — को संतुलित करने में मदद करता है। इसका स्वाद नमकीन होने के साथ-साथ थोड़ा मीठा भी होता है। यह तासीर में ठंडा और पचने में हल्का होता है, जिससे यह आम नमक से कहीं ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है।

तो आइए जानते हैं कि यह खास नमक किन-किन सेहत संबंधी समस्याओं में फायदेमंद है और इसे कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है:

1. पाचन तंत्र को बनाए दुरुस्त
अगर आपको पेट फूलना, गैस या अपच जैसी समस्याएं परेशान करती हैं तो अजवाइन, हींग और एक चुटकी हिमालयन नमक को मिलाकर सेवन करें। यह मिश्रण पेट को आराम देता है और पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है।

2. इम्यूनिटी को करे मजबूत
हिमालयन नमक में मौजूद मिनरल्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करते हैं। यह खून में आयरन की मात्रा बढ़ाकर एनीमिया से लड़ता है और हड्डियों को भी मजबूत बनाता है।

3. मांसपेशियों के दर्द से राहत
यदि आपकी मांसपेशियों में ऐंठन या जकड़न हो रही है, तो एक गिलास पानी में एक चम्मच सेंधा नमक मिलाकर पीने से राहत मिल सकती है। यह उपाय शरीर को रिपेयर करने में सहायक होता है।

4. लो ब्लड प्रेशर को करे कंट्रोल
इस नमक में पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है, जो लो ब्लड प्रेशर को संतुलित करने में मदद करता है। आधा चम्मच सेंधा नमक एक गिलास पानी में मिलाकर पीने से ब्लड प्रेशर नियंत्रित किया जा सकता है।

5. तनाव को करे दूर
गर्म पानी में थोड़ा सेंधा नमक डालकर नहाने से तन-मन को शांति मिलती है। यह तरीका न सिर्फ तनाव को कम करता है बल्कि अच्छी नींद भी दिलाता है।

6. गले की खराश में राहत
हल्दी और हिमालयन नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करने से गले की खराश, बंद नाक और खांसी में राहत मिलती है। इसके डिकंजेस्टेन्ट गुण गले और नाक की सफाई करते हैं।

यह भी पढ़ें:

जवानी में जोड़ों के दर्द से बचना है तो अभी से रखें अपनी हड्डियों का ख्याल