स्नेह राणा ने टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन में मुख्य कोच अमोल मजूमदार के योगदान की सराहना की है। स्नेह राणा ने कहा कि कोच टीम में जो सकारात्मकता का माहौल लाते हैं, वो अविश्वसनीय है।
भारत की ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा ने लंबे प्रारूप में टीम के शानदार प्रदर्शन में उनके योगदान के लिए मुख्य कोच अमोल मजूमदार की सराहना की है। स्नेह राणा ने कहा कि कोच अमोल मजूमदार टीम में जो सकारात्मकता का माहौल लाते हैं, वो अविश्वसनीय है। कोच हर खिलाड़ी को अच्छी तरह से जानते और समझते हैं। बता दें कि अक्टूबर 2023 में मजूमदार ने भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच का पद कार्यभार संभाला था। तब से टीम ने अब तक खेले गए सभी तीन टेस्ट मैच जीती है। नवी मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ, मुंबई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और हाल ही में चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय महिला टीम ने टेस्ट मैच जीते हैं।
स्नेह राणा ने आईएएनएस के साथ एक खास बातचीत में कहा कि जब भी हम कोच से बात करने जाते हैं तो उनका खिलाड़ी पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे आप टीम में कभी भी बात कर सकते हैं। अगर आपको कोई संदेह है तो आप उनके पास जाकर अपनी बात शेयर कर सकते हैं।
कोच हर खिलाड़ी की ताकत जानते हैं- स्नेह
वह हर खिलाड़ी की ताकत जानते हैं। उन्हें पता है कि कैसे खिलाड़ियों को प्रेरित कर सकते हैं। वो हर खिलाड़ी को उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद करते हैं। बता दें कि चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत में 10 विकेट लेने वाली स्नेह ने टेस्ट मैचों में भारत की हालिया जीत के पीछे के कारणों पर विस्तार से बात की।
‘टेस्ट क्रिकेट सबसे शानदार प्रारूप’
उन्होंने कहा कि इस प्रारूप में खेलना एक खिलाड़ी के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण होता है। भारत में बहुत प्रतिभा है। इसलिए मुझे लगता है कि केवल गेंद के रंग में अंतर है, बाकी मानसिकता और कौशल एक जैसे होते हैं। आपको बस अपने धैर्य में थोड़ा बदलाव करना होगा।,टेस्ट क्रिकेट में आपके धैर्य की परीक्षा होती है। स्नेह ने कहा कि मेरा मानना है कि टेस्ट क्रिकेट सबसे शानदार प्रारूप है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check