पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ आक्रामक रुख अपनायेगी। जडेजा के अनुसार कोच गंभीर का अपना अलग ही तरीका है और उन्हें किसी सुझाव की जरुरत नहीं है। इस पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि भारतीय टीम अभी विश्व में शीर्ष स्तर पर है। इसलिए ये सोचना कि बांग्लादेश ने पाक को हराया है, इसलिए हमको भी कड़ी टक्कर देगी कहना सही नहीं होगा। जडेजा के अनुसार 19 सितंबर से शुरु हो रही इस सीरीज का वह बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
उनका मानना है कि भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में भी आक्रामक रुख अपनाकर हावी रहेगी। भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलनी है। जडेजा ने कहा, ‘गंभीर का रुख आक्रामक है। इसलिए एक बात निश्चित है कि उनकी मौजूदगी में कोई नीरस पल नहीं आएगा, वह हमेशा कुछ न कुछ करने का प्रयास करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘गंभीर ऐसा व्यक्ति नहीं है जो आराम से बैठकर चीजों को चलने दे। वह कुछ ऐसा करने की कोशिश करेंगे जो सबको हैरान करेगा।
जिस प्रकार हमने सूर्यकुमार यादव को अचानक कप्तान बनते देखा था। उसी प्रकार मैं उस रोमांचक क्षण का इंतजार कर रहा हूं जो हम देखने जा रहे हैं।’ जडेजा से जब यह पूछा गया कि वह इस टेस्ट सीरीज के लिए गंभीर को क्या सलाह देना चाहेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि वह सुझाव नहीं मांगेंगे. वह वहां इसलिए है क्योंकि उन्होंने अपने को साबित किया है और उनका एक अलग अंदाज है।’ जडेजा, ‘मुझे उम्मीद है कि वह किसी की सलाह नहीं लेंगे और अपना रवैया नहीं बदलेंगे क्योंकि जिस चीज से आपको पहचान मिली है उस पर भरोसा कर के उस पर कायम रहना चाहिए। वह हमेशा बेहतर हो सकते हैं।’ जडेजा 2023 एकदिवसीय विश्व कप के दौरान अफगानिस्तान टीम के मेंटर रहे थे।
यह भी पढ़े :-
खर्राटा: एक मामूली सी लगने वाली समस्या, लेकिन हो सकती है गंभीर
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check