पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री विश्वनाथ चौधरी का शनिवार सुबह कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया, ”चौधरी को पिछले सप्ताह एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आज सुबह छह बजकर 42 मिनट पर उनका निधन हो गया।”
रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता चौधरी दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट सीट से आठ बार विधायक रहे थे। वह 1987 से 2011 तक पश्चिम बंगाल सरकार में जेल एवं समाज कल्याण मंत्री रहे थे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व मंत्री चौधरी के निधन पर दुख जताया और उनके सम्मान में राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी का एलान किया।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”राज्य के पूर्व मंत्री विश्वनाथ चौधरी के निधन से दुखी हूं। हालांकि वह विपक्षी दल के नेता रहे हैं, लेकिन तब भी हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध थे। उनकी बीमारी के बारे में सुनकर हमने उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज की व्यवस्था की, लेकिन कोई भी प्रयास काम नहीं आया। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
उन्होंने कहा, ”पूर्व मंत्री के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप आज राज्य सरकार के सभी कार्यालयों, निगमों आदि में आधे दिन की छुट्टी रहेगी।”
बनर्जी फिलहाल नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली में मौजूद हैं।
आरएसपी महासचिव मनोज भट्टाचार्य ने कहा कि चौधरी का अंतिम संस्कार बालुरघाट में किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check