बांग्लादेश की राजधानी ढाका सोमवार को एक भयावह हादसे का गवाह बनी, जब बांग्लादेश एयरफोर्स का ट्रेनिंग फाइटर जेट F-7 BGI क्रैश होकर माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत से टकरा गया। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब स्कूल में क्लासेस चल रही थीं और सैकड़ों छात्र मौजूद थे। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 10 बच्चे शामिल हैं, जबकि 170 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
हादसे में पायलट की भी मौत
फाइटर जेट ने दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी और कुछ ही देर बाद 1:30 बजे यह स्कूल की इमारत से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और पूरे कैंपस में धुएं का गुबार फैल गया। घबराए छात्र और शिक्षक इधर-उधर भागते नजर आए। इस हादसे में वायुसेना के पायलट की भी जान चली गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत हेलीकॉप्टर और एम्बुलेंस की मदद से अस्पतालों में पहुंचाया गया।
इलाज जारी, कई की हालत गंभीर
अधिकारियों के मुताबिक, 88 घायलों का इलाज राजधानी के 7 अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से 25 की हालत नाजुक बनी हुई है। रेजिडेंट सर्जन शॉन बिन रहमान ने बताया कि इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 22 हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि कई घायलों की हालत बेहद गंभीर है।
F-7 BGI – चीन निर्मित फाइटर जेट
जो विमान हादसे का शिकार हुआ, वह F-7 BGI है, जो चीन के चेंगदू J-7 फाइटर का एडवांस वर्जन है। यह मूल रूप से सोवियत यूनियन के MiG-21 पर आधारित है। बांग्लादेश ने इस मल्टीरोल ट्रेनिंग फाइटर को 2011 में अपने एयरफोर्स बेड़े में शामिल किया था।
बांग्लादेश में राजकीय शोक
ढाका में हुए इस बड़े हादसे के बाद बांग्लादेश सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मृतकों में ज्यादातर स्कूली छात्र होने के कारण देशभर में शोक की लहर फैल गई है।
यह भी पढ़ें:
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check