रिश्वत लेते हुए महिला थानाध्यक्ष गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने आज समस्तीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी और ड्राइवर गुड्डू कुमार को 20 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी राजीव रंजन सिंह ने शिकायत की थी। राजीव रंजन सिंह पर मारपीट का एक मामला दर्ज था, जिसे समाप्त करने के लिए महिला थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी ने उनसे 20 हजार रुपए की मांग की थी।

इधर, आज राजीव रंजन सिंह रिश्वत की रकम देने के लिए समस्तीपुर महिला थाना पहुंचे। जैसे ही उन्होंने चालक की मदद से थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को पैसे दिए, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने छापा मार दिया।

टीम ने थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी और ड्राइवर गुड्डू कुमार को रिश्वत की रकम के साथ मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।