इस हफ्ते भले ही बॉलीवुड की ओर से कोई बड़ी फिल्म सिनेमाघरों में न आई हो, लेकिन साउथ सिनेमा ने अपने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। सुपरस्टार पवन कल्याण और बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हरि हरा वीरा मल्लू’ आखिरकार रिलीज हो गई है। यह फिल्म काफी समय से पोस्टपोन होती आ रही थी और अब इसका पहला पार्ट सिनेमाघरों में दस्तक दे चुका है।
प्रीमियर शो बना चर्चा का विषय
फिल्म का प्रीमियर शो रिलीज से एक दिन पहले आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में आयोजित किया गया था, जहां टिकट की कीमत 600 रुपये रखी गई थी। इस प्रीमियर को लेकर पवन कल्याण के फैंस में गजब का उत्साह देखने को मिला। लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ ने पुलिस को भी धक्का देकर थिएटर में घुसने की कोशिश की।
पवन कल्याण की स्टारपावर बरकरार
पवन कल्याण की यह फिल्म उनके फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं थी। अभिनेता का साउथ में जबरदस्त फैन बेस है, और लंबे समय से नई फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों ने इस मौके को पूरी तरह जश्न में बदल दिया। कई जगहों पर फ्लेक्स, पटाखे, डांस और ढोल-नगाड़े देखने को मिले।
बॉबी देओल की औरंगजेब के रूप में एंट्री
फिल्म में बॉबी देओल एक क्रूर औरंगजेब के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके लुक और अभिनय की काफी तारीफ हो रही है। फिल्म एक पीरियड ड्रामा है, जो ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। बॉबी देओल के बढ़ते करियर ग्राफ को देखते हुए, इस फिल्म से उन्हें न केवल साउथ में पहचान मिलेगी बल्कि पैन इंडिया स्टारडम को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्या है आगे की प्लानिंग?
पवन कल्याण इस समय अपनी दूसरी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। वहीं, ‘हरि हरा वीरा मल्लू पार्ट 2’ की तैयारियां भी जल्द शुरू होंगी। मेकर्स ने अभी इसके रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
यह भी पढ़ें:
सुबह उठते ही जीभ पर सफेद परत दिखती है? जानिए इससे जुड़ी 5 गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check